Trending

पश्चिम एशिया में कूटनीतिक हलचल तेज

ईरानी विदेश मंत्री ने की सऊदी अरब और पाकिस्तान के सैन्य प्रमुख से बात

अभिषेक सिंह/ तेहरान / रियाद: मध्य-पूर्व (Middle East) में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव को कम करने के लिए कूटनीतिक मोर्चे पर भी तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने अपने अहम पड़ोसियों और क्षेत्रीय ताकतों के साथ उच्च स्तरीय वार्ता शुरू कर दी है ताकि युद्ध के मंडराते बादलों को रोका जा सके।

हालिया कूटनीतिक घटनाक्रम में, ईरानी विदेश मंत्री ने सऊदी अरब के विदेश मंत्री और पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर से टेलीफोन पर लंबी बातचीत की है। सूत्रों के अनुसार, इन वार्ताओं का मुख्य एजेंडा होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी बाहरी सैन्य हस्तक्षेप की स्थिति में इस्लामी देशों की एकजुटता बनाए रखना था। सऊदी अरब के साथ यह वार्ता इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि रियाद ने अमेरिका को अपनी धरती से ईरान पर किसी भी हमले की अनुमति न देने का संकेत दिया है।

पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर से बातचीत के दौरान ईरान ने अपनी पूर्वी सीमाओं की सुरक्षा और बलूचिस्तान क्षेत्र में पनप रहे छद्म गुटों को लेकर भी चर्चा की। कूटनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान युद्ध की स्थिति से बचने के लिए अपने राजनयिक संपर्कों का इस्तेमाल कर रहा है और अमेरिका पर दबाव बनाने के लिए एक बड़ा क्षेत्रीय गठबंधन तैयार कर रहा है।

Related Articles

Back to top button