नई दिल्ली में जीआई एंड बियॉन्ड 2.0 शिखर सम्मेलन का होगा आयोजन
नई दिल्ली ( राघवेंद्र प्रताप सिंह) : वस्त्र मंत्रालय बुधवार को नई दिल्ली में जीआई एंड बियॉन्ड 2.0 शिखर सम्मेलन आयोजित करेगा। इसका उद्देश्य भारत के जीआई-टैग प्राप्त हथकरघा और हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन करना है।
यह सम्मेलन हस्तशिल्प उत्पादों को बढ़ावा देने और घरेलू तथा अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में उनकी स्थिति को मजबूत करने में भी सहायक होगा। वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
सम्मेलन में लगभग 10 देशों के खरीदार, निर्यातक और देश भर की बहुराष्ट्रीय कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस दौरान देश भर से 100 से अधिक जीआई-पंजीकृत हथकरघा और हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में भारत की विविध बुनाई परंपराओं को प्रदर्शित करने वाली विषयगत प्रदर्शनियां और हथकरघा बुनाई और हस्तशिल्प के लाइव प्रदर्शन भी शामिल होंगे।




