आईपीएल नहीं खेला, फिर भी मिली टीम इंडिया में जगह; जानिए कौन हैं आकिब नबी
कौन कहता है कि टीम इंडिया में एंट्री का रास्ता सिर्फ आईपीएल से होकर गुजरता है? भारत की श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए घोषित स्क्वॉड पर नजर डालें तो दो ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें घरेलू क्रिकेट में लगातार किए गए शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। पहला नाम सारांश जैन का है, जिन्हें पहले ही स्पिन विभाग में जगह मिल चुकी थी। अब इस सूची में जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी का नाम भी जुड़ गया है।
सोमवार, 3 अगस्त को बीसीसीआई ने घोषणा की कि स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अपनी चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं, जिसके चलते वह श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह आकिब नबी को भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।
आकिब नबी ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में सबसे ज्यादा 60 विकेट चटकाए थे। रणजी ट्रॉफी के एक सीजन में यह किसी भी गेंदबाज द्वारा सातवां सबसे बड़ा विकेट आंकड़ा है, जबकि तेज गेंदबाजों की सूची में यह तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

उनसे आगे सिर्फ जयदेव उनादकट (2019-20 में 67 विकेट) और डोड्डा गणेश (1998-99 में 62 विकेट) हैं। खास बात यह रही कि नबी के इसी शानदार प्रदर्शन की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने अपने इतिहास में पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता।
पिछले दो रणजी सीजन में आकिब नबी ने कुल 104 विकेट हासिल किए हैं। लगातार दो रणजी सीजन में उनसे ज्यादा विकेट सिर्फ चार गेंदबाजों ने लिए हैं और उनमें भी केवल एक तेज गेंदबाज हैं—जयदेव उनादकट, जिन्होंने 2018-19 और 2019-20 सीजन में कुल 106 विकेट लिए थे। इस दौरान नबी ने 18 मैचों में 13 बार पांच विकेट हॉल लेने का कारनामा किया, जिससे वह केवल आशुतोष अमन (14 बार पांच विकेट हॉल, 2018-19 और 2019-20) से पीछे हैं।
रणजी ट्रॉफी 2025-26 में नबी ने आठ बार पांच विकेट हॉल लिए। यह भारत में खेले गए किसी भी फर्स्ट-क्लास सीजन में किसी तेज गेंदबाज द्वारा संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा पांच विकेट हॉल हैं। उनसे पहले मौरिस टेट ने 1926-27 और रॉन ऑक्सेनहैम ने 1935-36 सीजन में भी भारत में आठ-आठ बार पांच विकेट हॉल लिए थे।
आकिब नबी ने विजय हजारे ट्रॉफी में हैदराबाद के खिलाफ 114* रन की शानदार पारी भी खेली, जो उनके प्रोफेशनल करियर का पहला शतक था। उन्होंने यह पारी नंबर-8 पर बल्लेबाजी करते हुए खेली।
लिस्ट ए क्रिकेट में नंबर-8 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए यह छठा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। उनसे पहले भारत के सिर्फ दो खिलाड़ियों ने 50 ओवर के मैच में नंबर-8 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया था—2018 में विदर्भ के खिलाफ दिवेश पठानिया (100*) और 2022 में कर्नाटक के खिलाफ अक्षय कर्णेवार (104*)।
2025-26 सीजन में सभी सीनियर पुरुष घरेलू टूर्नामेंट को मिलाकर आकिब नबी ने कुल 95 विकेट अपने नाम किए। यह एक ही घरेलू सीजन में किसी भी भारतीय तेज गेंदबाज द्वारा लिया गया दूसरा सबसे बड़ा विकेट आंकड़ा है। इस सूची में उनसे आगे सिर्फ जयदेव उनादकट हैं, जिन्होंने 2019-20 सीजन में 105 विकेट हासिल किए थे।
अब आकिब नबी को श्रीलंका दौरे पर अपने टेस्ट डेब्यू का इंतजार रहेगा। यदि उन्हें इस सीरीज में एक भी मैच खेलने का मौका मिलता है, तो वह भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले जम्मू-कश्मीर के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे।



