पैरा-एथलेटिक्स में भारत की स्वर्णिम सफलता
शर्मिला, दिलीप और सोमन राणा ने जीता गोल्ड, कुल 7 पदक हासिल किए

सरिता त्रिपाठी/ ग्लासगो / नई दिल्ली: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय पैरा-खिलाड़ियों ने अपने अदम्य साहस और जज्बे का प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। भारतीय पैरा-एथलेटिक्स दल ने 3 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य सहित कुल 7 पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। यह पदक संख्या उनके पिछले सभी सीडब्ल्यूजी के संयुक्त पदकों के बराबर है, जो इस बार के ऐतिहासिक अभियान को दर्शाता है।
भारत की शर्मिला धनखड़ (Sharmila Dhankar) ने महिलाओं के F57 शॉट पुट (Shot Put) स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता और वह भारत की पहली महिला पैरा-एथलेटिक्स सीडब्ल्यूजी गोल्ड मेडलिस्ट बन गईं। इसी इवेंट में शिल्पा शाइला (Shilpa Shyla) ने कांस्य पदक जीता। पुरुषों की 100 मीटर T47 रेस में दिलीप महादु गावित (Dilip Gavit) ने शानदार दौड़ लगाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि इसी रेस में मोहम्मद बासिल (Mohammed Basil) ने रजत पदक जीता।
पुरुषों के F57 शॉट पुट इवेंट में सोमन राणा (Soman Rana) ने भी भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता, जबकि शुभम जुयाल (Shubham Juyal) ने रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा, पैरा पावरलिफ्टिंग में झंडू कुमार (Jhandu Kumar) ने हेवीवेट कैटेगरी में कांस्य पदक जीतकर पैरा-दल के शानदार अभियान में अपना योगदान दिया। देश भर में इन पैरा-खिलाड़ियों की इस स्वर्णिम सफलता का जश्न मनाया जा रहा है।



