मध्य प्रदेश में लाड़ली बहनों को सौगात: सीएम मोहन ने जारी की योजना की 38वीं किस्त

भोपाल ( इंडियन व्यू टीम) : मध्य प्रदेश की 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के लिए रविवार को बड़ी खुशखबरी आई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भिंड जिले के लहार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 38वीं किस्त जारी करते हुए लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 1,500 रुपये की राशि भेजी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक क्लिक से 1,835 करोड़ रुपये का ऑनलाइन हस्तांतरण किया।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और परिवार में उनकी भागीदारी को मजबूत करना है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है।
किन महिलाओं को मिलता है योजना का लाभ?
इस योजना का लाभ 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाओं को दिया जाता है। इसके लिए परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से कम होना आवश्यक है। पात्र महिलाएं ऑनलाइन पोर्टल या ग्राम पंचायत एवं वार्ड कार्यालय के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।
यदि किसी लाभार्थी को यह जानना है कि 38वीं किस्त की राशि खाते में पहुंची है या नहीं, तो वह योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “आवेदन एवं भुगतान की स्थिति” विकल्प का चयन करें। इसके बाद आवेदन क्रमांक या समग्र आईडी दर्ज करें, मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी भरकर सबमिट करें। इसके बाद भुगतान की पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी।



