Trending

Bahraich: अष्टधातु के नाम पर ठगी करने वाले गैंग का खुलासा, साधारण मूर्तियां बेचकर नेपाल में करते थे लाखों की कमाई; 7 गिरफ्तार

Bahraich : जनपद बहराइच के रूपईडीहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक शातिर जालसाज गैंग का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गैंग साधारण धातु की मूर्तियों को अष्टधातु की बताकर लोगों को ठगता था और उन्हें नेपाल ले जाकर ऊंचे दामों में बेच देता था।

 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में रमजान, मन्नू, रिजवान, महफूज, शारिक और समीर अली समेत कुल सात लोग शामिल हैं, जो बहराइच के मोतीपुर और रूपईडीहा क्षेत्र के निवासी हैं। सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

 

बताया जा रहा है कि यह गैंग भोले-भाले लोगों को बहला-फुसलाकर साधारण मूर्तियों को दुर्लभ और अष्टधातु की प्राचीन मूर्ति बताकर बेचता था। इसके बाद इन मूर्तियों को नेपाल ले जाकर ऊंची कीमत पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भगवान बुद्ध की एक मूर्ति भी बरामद की है, जिसे अष्टधातु की बताकर बेचा जाना था।

 

यह गिरफ्तारी नेपाल सीमा के पास बदलदास मंदिर के निकट की गई। पुलिस का कहना है कि गैंग के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में सक्रिय ठगी के एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली है।

Related Articles

Back to top button