Trending

Kanpur: गर्भवती महिला ने फांसी लगाकर दी जान, कोख में पल रहे बच्चे की भी मौत; पति हिरासत में, जांच में जुटी पुलिस

Sarsaul, Kanpur : मां की कोख में पल रहा मासूम इस दुनिया की पहली सांस भी नहीं ले सका। जन्म लेने से पहले ही उसने अपनी मां के साथ इस नश्वर संसार को अलविदा कह दिया। नरवल थाना क्षेत्र के पाली खुर्द गांव में रविवार शाम एक गर्भवती महिला ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार के साथ पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार रूमा निवासी राजाराम कोरी की 24 वर्षीय पुत्री साधना का विवाह लगभग चार वर्ष पूर्व पाली खुर्द निवासी संतोष कुमार के पुत्र ओमप्रकाश के साथ हुआ था। दंपती का करीब तीन वर्ष का एक बेटा है, जबकि साधना गर्भवती भी थी। ओमप्रकाश मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है।

 

बताया गया कि रविवार शाम करीब चार बजे ओमप्रकाश की मां मुन्नी देवी किसी काम से बाहर गई थीं, जबकि ओमप्रकाश भी गांव में किसी कार्य से घर से निकल गया था। इसी दौरान घर में अकेली मौजूद साधना ने दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

 

कुछ देर बाद जब ओमप्रकाश घर लौटा तो उसने साधना को फंदे से लटका देखा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर थाना प्रभारी नरवल अनिल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित किया गया है। वहीं पुलिस ने मृतका के पति ओमप्रकाश को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों और संभावित कारणों की हर पहलू से जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही साधना के मायके से उसके परिजन भी पाली खुर्द पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा।

 

थाना प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना से मृतका के तीन वर्षीय बेटे के सिर से मां का साया उठ गया, वहीं गर्भ में पल रहे मासूम की भी जीवन यात्रा शुरू होने से पहले ही समाप्त हो गई।

Related Articles

Back to top button