क्रिकेटर विप्रज निगम को सीएएल ने किया सम्मानित, कोच सरवर नवाब का भी हुआ सम्मान
लखनऊ। भारत – श्रीलंका के बीच होने वाले एकमात्र क्रिकेट टेस्ट मैच के लिए नेट गेन्दबाज़ के रूप में चुने गए लखनऊ के विप्रज निगम का क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ (सीएएल) एवं बीबीडी ग्रुप ने रविवार को सम्मान किया।
मुख्य अतिथि सीएएल उपाध्यक्ष एवं बीबीडी ग्रुप के चेयरमैन विराज सागर दास ने उपहार और प्रशस्तिपत्र प्रदान किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि लखनऊ क्रिकेट के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। यहाँ के खिलाडियों की टीम इंडिया तक पहुँच हो गई है।
इस मौके पर विराज सागर दास ने कहा कि विप्रज निगम की इस उपलब्धि पर हम सभी को गर्व है। उनकी यह उपलब्धि उभरते हुए खिलाडियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। वह जल्द ही अपने प्रदर्शन से भारतीय क्रिकेट में एक चमकते सितारे बनेंगे।

विप्रज ने कहा कि जब अपने घर में सम्मान होता है तो उसकी अनुभूति अलग होती है। मेरे लिए यह एक बेहद भावुक लम्हा है। आने वाला समय मेरे लिए चुनौती भरा है। यह सम्मान मुझे भविष्य में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।

केएम खलीक ने कहा कि विप्रज की यह उपलब्धि नये क्रिकेटरों के लिए मिसाल है। विप्रज के कोच सरवर नवाब ने भी अपने अनुभव साझा किये। इस मौके पर सीएएल के सचिव केएम खान, डायरेक्टर राकेश सिंह, संयुक्त सचिव नईम चिस्ती, तुषार सिन्हा, कमर हुसैन चंदू, सुमित गुप्ता, अरिफुल हसन, एसपी सिंह, अशर खालिद समेत कई हस्तियाँ मौजूद रहीं।



