Trending

श्रीहरि नटराज सेमीफाइनल में, साजन प्रकाश की चुनौती हीट में खत्म

भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज ने राष्ट्रमंडल खेलों की तैराकी स्पर्धा में 100 मीटर बैकस्ट्रोक सेमीफाइनल में जगह बना ली, जबकि अनुभवी साजन प्रकाश मंगलवार को यहां क्वालीफाइंग राउंड में हीट (शुरुआती दौर) से ही बाहर हो गए।

नटराज 55.58 सेकंड का समय निकालकर अपनी हीट में पांचवें और कुल 13वें स्थान पर रहे। प्रारंभिक दौर से 16 सबसे तेज तैराकों को आगे प्रवेश मिलता है। सेमीफाइनल देर रात होगा। नटराज का 50 मीटर के बाद टाइमिंग 26 . 26 सेकंड था। उनका सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन 53 . 77 सेकंड है जो राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है।

वहीं साजन अपनी हीट में आठवें और कुल मिलाकर 28वें स्थान पर रहने के बाद पुरुषों की 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए।

@Media_SAI

साजन क्वालीफाइंग के नौवें और अंतिम ग्रुप का हिस्सा थे। उन्होंने 24.94 सेकंड का समय लिया और इस तरह से प्रतियोगिता से बाहर हो गए। वह अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के करीब भी नहीं पहुंच सके जो 23.83 सेकंड है। यह राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है।

दो बार के ओलंपियन साजन सोमवार को 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा के फाइनल में आठवें और अंतिम स्थान पर रहे थे। उन्होंने 1:58.05 सेकंड का समय लिया था। उनका यह प्रदर्शन भी निराशाजनक था क्योंकि उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ और राष्ट्रीय रिकॉर्ड 1:56.38 सेकंड है।

नटराज भारत की चार गुणा 200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले टीम में भी थे जो फाइनल में छठे स्थान पर रही थी। भारत के लिये राष्ट्रमंडल खेलों की तैराकी स्पर्धा में एकमात्र पदक प्रशांत करमाकर ने जीता है जो दिल्ली में 2010 में हुए खेलों में 50 मीटर फ्रीस्टाइल एस9 पैरा वर्ग में तीसरे स्थान पर रहे थे।

Related Articles

Back to top button