Trending

भारत को एक रन से हराकर आयरलैंड ने जीती टी20 सीरीज, जय मूंदड़ा बने हीरो

राजस्थान टोंक के साफ्टवेयर इंजीनियर जय मूंदड़ा ने आईपीएल सितारों से भरे भारत के बल्लेबाजी क्रम की नींच हिला दी और आयरलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टी20 विश्व विजेता भारत को रविवार को दूसरे टी-20 में एक रन से हराकर श्रृंखला 2 . 0 से अपने नाम करके इतिहास रच डाला।

वनडे विश्व कप 2011 में इंग्लैंड पर मिली जीत के बाद आयरलैंड के क्रिकेट इतिहास का यह सबसे बड़ा पल है। भारत जैसी मजबूत टीम को हराने से इस टीम का आत्मविश्वास अब सातवें आसमान पर होगा। भारतीय पासपोर्ट धारक मूंदड़ा ने तीन विकेट लिये। उन्होंने संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा को खाता भी नहीं खोलने दिया और भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर का भी विकेट चटकाया।

जीत के लिये 155 रन के जवाब में भारत 153 रन ही बना सका। आखिरी ओवरों में हर्षित राणा ने 21 रन बनाकर पूरी कोशिश की लेकिन आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हो गए। इस हार के साथ ही भारत का टी20 क्रिकेट में लगातार 16 श्रृंखलायें जीतने के अभियान पर भी विराम लग गया। भारत 2023 के मध्य से टी20 श्रृंखला नहीं हारा है।

© BCCI

एक बार 19 रन पर तीन जाने के बाद बने दबाव से भारतीय टीम उबर ही नहीं सकी। तिलक वर्मा (55 रन) को छोड़कर कोई भारतीय बल्लेबाज नहीं टिक सका। इंपैक्ट खिलाड़ी के नियम के साथ भारतीय पिचों पर बड़ी पारियां खेलकर वाहवाही लूटने वाले भारतीय बल्लेबाजों की कलई स्विंग और सीम लेती पिच पर खुल गई।

सैमसन लगातार दूसरी बार मूंदड़ा की गेंद पर शून्य पर आउट हो गए। तीन गेंद बाद अभिषेक भी मैट होलार्ड को कैच दे बैठे। श्रेयस दोनों मैचों में कमजोर दिखे जो नये कप्तान के लिये अच्छा संकेत नहीं है। ईशान किशन 12 रन बनाकर रन आउट हो गए। भारत के चार विकेट 35 रन पर निकल चुके थे जिसके बाद वापसी की राह मुश्किल थी।

इससे पहले पहली बार टी20 क्रिकेट खेल रहे प्रिंस यादव के तीन विकेट और शिवम दुबे के दो विकेट से भारत ने आयरलैंड को 154 रन पर रोक दिया। जब हैरी टेक्टर (53 रन) और खतरनाक बेन कैलिट्ज (37 रन) चौथे विकेट की साझेदारी में 65 रन जोडकर बड़े स्कोर की ओर बढ रहे थे, तभी दुबे ने लगातार दो गेंदों पर विकेट चटकाये।

इससे आयरलैंड टीम अपेक्षित स्कोर नहीं बना सकी। दुबे ने दो विकेट चटकाये। अर्शदीप सिंह और यादव ने उनका बखूबी साथ दिया। दुबे ने पहले बेन को डीप में लपकवाया और फिर जेरेथ डेलानी को आफ कटर पर बोल्ड कर दिया। अपना सौवां मैच खेल रहे टेक्टर ने टी20 क्रिकेट में नौवां अर्धशतक जमाया लेकिन तेजी से रन नहीं बना सके।

अक्षर पटेल ने चार ओवर में 28 रन दिये हालांकि उन्हें विकेट नहीं मिला। शुरूआत पहले मैच की तरह ही हुई जब भारत ने 50 रन के भीतर तीन विकेट चटका दिये थे लेकिन बीच के ओवरों का मेजबान बल्लेबाजों ने पूरा सदुपयोग किया।

रोस एडेयर के आउट होने के बाद आये बेन ने खुलकर बल्लेबाजी की। इससे पहले आयरलैंड के तीन विकेट 48 रन पर गिर गए थे। पहला मैच खेल रहे सूर्यांश शेडगे ने एक ओवर में 22 रन दे डाले। हर्षित राणा ने एक विकेट लिया। उन्होंने हैरी के भाई टिम टेक्टर का विकेट अपनी झोली में डाला। एडेयर ने अर्शदीप की गेंद पर एक्स्ट्रा कवर में तिलक वर्मा को कैच थमाया। अर्शदीप ने दो विकेट लिये।

अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में वनडे में पदार्पण करने वाले यादव ने तीन विकेट चटकाये। उन्होंने पिछले मैच के नायक लोरकान टकर को विकेट के पीछे ईशान किशन के हाथों लपकवाया।

Related Articles

Back to top button