Trending

मेसी का वर्ल्ड रिकॉर्ड, लगातार 7 वर्ल्ड कप मैचों में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बने

अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने रविवार को इतिहास के पन्नों में अपना नाम स्वर्णिम अक्षरों से दर्ज करा लिया है। इस दिग्गज कप्तान ने फीफा वर्ल्ड कप में लगातार 7 मैचों में गोल करने का एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया है जिसे आज तक दुनिया का कोई भी खिलाड़ी नहीं छू सका।

मेसी ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि जॉर्डन के खिलाफ खेले गए ग्रुप-जे के आखिरी मुकाबले में हासिल की। इस मैच में वह 60वें मिनट में बतौर सब्स्टीट्यूट मैदान पर उतरे थे और महज 20 मिनट के भीतर (80वें मिनट में) गोल दागकर उन्होंने इस मौजूदा टूर्नामेंट का अपना छठा गोल पूरा किया।

मेसी का यह जादुई सफर 2022 के कतर वर्ल्ड कप से शुरू हुआ था जहां उन्होंने नॉकआउट दौर में ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड और क्रोएशिया के खिलाफ एक-एक गोल दागा था। इसके बाद फ्रांस के खिलाफ रोमांचक फाइनल में उन्होंने दो यादगार गोल किए थे।

@AFASeleccionEN

अपने इसी शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए मेसी ने वर्ल्ड कप में भी तहलका मचाया, उन्होंने 16 जून को अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक लगाई। 22 जून को ऑस्ट्रिया के खिलाफ दो गोल किए और अब जॉर्डन के खिलाफ भी गोल दागकर लगातार 7वें मैच में स्कोर करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

मेसी से पहले यह वर्ल्ड रिकॉर्ड संयुक्त रूप से फ्रांस के जस्ट फोंटेन और ब्राजील के जाइरजिन्हो के नाम था, जिन्होंने लगातार 6 मैचों में गोल करने का कारनामा किया था। फ्रांस के स्ट्राइकर जस्ट फोंटेन ने 1958 के विश्व कप में लगातार 6 मैचों में कुल 13 गोल दागे थे, जिसमें उन्होंने पश्चिम जर्मनी के खिलाफ तीसरे स्थान के प्लेऑफ में अकेले 4 गोल किए थे।

वहीं, ब्राजील के फॉरवर्ड जाइरज़िन्हो ने 1970 के विश्व कप में लगातार छह मैचों में 7 गोल करके अपनी टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। हंगरी के ग्योर्गी सरोसी भी एक ऐसे खिलाड़ी रहे हैं जिन्होंने 1934 और 1938 के विश्व कप को मिलाकर लगातार 5 मैचों में गोल करने का गौरव हासिल किया था।

लियोनेल मेसी ने इस ऐतिहासिक प्रदर्शन से यह साबित कर दिया है कि उम्र महज एक संख्या है। जहां एक ओर उनकी टीम ग्रुप-जे से अगले दौर में मजबूती के साथ कदम बढ़ा चुकी है, वहीं दूसरी ओर मेसी का यह रिकॉर्ड तोड़ फॉर्म अर्जेंटीना के फैंस को एक बार फिर विश्व विजेता बनने की उम्मीद जगा रहा है।

Related Articles

Back to top button