Trending

राष्ट्रपति मुर्मू ने सविता पूनिया को किया सम्मानित, बोलीं- सपने से भी बड़ा है यह सम्मान

भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान और अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया का संघर्ष, समर्पण और सफलता का सफर मंगलवार को एक नए मुकाम पर पहुंच गया, जब राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया। देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान को प्राप्त करने के बाद सविता ने अपने परिवार, साथियों और समर्थकों का आभार व्यक्त किया।

पद्मश्री सम्मान प्राप्त करने के बाद सविता ने कहा कि यह उनके जीवन का बेहद खास और भावुक क्षण है। उन्होंने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब वह घर से बाहर निकलने में भी झिझक महसूस करती थीं, लेकिन आज अपने परिवार के साथ राष्ट्रपति भवन में सम्मान ग्रहण करना उनके लिए गर्व की बात है।

सविता ने कहा, “यह सम्मान अपने आप में बहुत बड़ा है। जब खेल के मैदान से बाहर भी आपके योगदान को पहचान मिलती है तो उसकी खुशी अलग होती है। मैंने जब हॉकी खेलना शुरू किया था, तब कभी नहीं सोचा था कि मेरा सफर इतना लंबा होगा और मुझे ऐसा प्रतिष्ठित व्यक्तिगत सम्मान मिलेगा।”

@TheHockeyIndia

उन्होंने इस उपलब्धि को केवल अपनी नहीं बल्कि पूरे परिवार और टीम की सफलता बताया। सविता के अनुसार, उनके करियर में राष्ट्रीय चैंपियनशिप जीतना एक बड़ी उपलब्धि रही है, लेकिन अब उनका और भारतीय टीम का सबसे बड़ा लक्ष्य ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतना है। उन्होंने कहा कि पूरी टीम इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत कर रही है।

भारतीय हॉकी की सबसे भरोसेमंद गोलकीपरों में शुमार सविता पूनिया ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई यादगार प्रदर्शन किए हैं। वह 2021, 2022 और 2023 में लगातार तीन बार एफआईएच गोलकीपर ऑफ द ईयर का पुरस्कार जीतने वाली भारत की पहली महिला खिलाड़ी हैं।

इससे पहले उन्हें 2018 में अर्जुन पुरस्कार और भीम अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। सविता ने 2016 के रियो ओलंपिक और 2020 के टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

Related Articles

Back to top button