Trending

राष्ट्रीय चैंपियनशिप में जीते, लेकिन एशियाई खेलों का मानक नहीं छू सके गुलवीर

मौजूदा एशियाई चैंपियन और राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक गुलवीर सिंह बुधवार को यहां राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में एशियाई खेलों के क्वालीफाइंग समय को हासिल करने में नाकाम रहे।

उत्तर प्रदेश के इस एथलीट ने 2022 में एशियाई खेलों में 10,000 मीटर में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने यहां 13 मिनट, 52.92 सेकंड (13:52.92) का समय निकालकर दौड़ जीती। उनका समय भारतीय एथलेटिक्स महासंघ द्वारा एशियाई खेलों के लिए निर्धारित क्वालीफाइंग समय 13 मिनट और 39.18 सेकंड से काफी अधिक था।

गुलवीर ने पिछले महीने अमेरिका के लॉस एंजिलिस में 13:03.93 के साथ आउटडोर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने फरवरी 2025 में 5000 मीटर की दौड़ 13 मिनट से कम समय में पूरी की थी। ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय एथलीट थे। उन्होंने तब 12 मिनट 59.77 सेकंड का समय निकालकर राष्ट्रीय और एशियाई इंडोर दोनों रिकॉर्ड बनाए थे।

साभार : गूगल

गुलवीर को ग्लासगो में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 32 सदस्यीय भारतीय टीम में 5000 मीटर और 10,000 मीटर दोनों स्पर्धाओं के लिए चुना गया है। उन्होंने कहा, ‘‘मेरा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। मौसम थोड़ा गर्म है। इसके साथ ही यह नया ट्रैक था, जिसमें ग्रिप कम और उछाल ज्यादा है। मैंने इस तरह के ट्रैक पर दौड़ने के लिए अभ्यास नहीं किया था।’’

गुलवीर अब शनिवार को 1500 मीटर दौड़ में हिस्सा लेंगे। पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में उत्तर प्रदेश के ही अभिषेक पाल ने 13:54.18 के समय के साथ रजत पदक जीता, जबकि पंजाब के हरमनजोत सिंह 13:54.60 के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

Related Articles

Back to top button