Trending

‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’, जंतर-मंतर से अभिजीत दीपके बोले- ‘यह लड़ाई लंबी है, हम पीछे हटने वाले नहीं’

दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के व्यापक प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और युवा जुटे। इस प्रदर्शन में, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह लड़ाई लंबी है और छात्र पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने मांग की कि नीट, सीबीएसई, सीयूईटी और एसएससी जैसी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा दिया जाए।

 

सीजेपी ने धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगा

प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने कहा कि पिछले एक महीने से सोशल मीडिया पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की जा रही है, लेकिन सरकार कार्रवाई करने के बजाय आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पोस्ट हटवाने और अकाउंट हैक कराने की कोशिशें की जा रही हैं। मंच से उन्होंने कहा, “आप हमारी पोस्ट हटा सकते हैं, लेकिन हमें इस जगह से मिटा नहीं सकते।” उनके इस बयान पर प्रदर्शन स्थल पर मौजूद युवाओं ने जोरदार नारेबाजी की।

 

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में स्कूल और कॉलेज के छात्र, युवा पेशेवर और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। कई प्रदर्शनकारियों ने कॉकरोच मास्क पहने हुए थे, जबकि कुछ ने तिरंगा और फूल लेकर प्रदर्शन किया। नारेबाजी में ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’ और ‘मेक इन इंडिया नहीं, लीक इन इंडिया’ जैसे जुमले शामिल थे। कई युवा अपने अभिभावकों के साथ भी पहुंचे थे। माहौल पूरी तरह से राजनीतिक और छात्र आंदोलनों जैसा था।

 

अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन से पहले अपने समर्थकों से कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहना चाहिए। उन्होंने लोगों से किताब और तिरंगा लेकर आने का आग्रह किया और पुलिसकर्मियों को फूल देने की बात भी कही। उन्होंने कहा, “यह आंदोलन प्यार और शांति के रास्ते पर चलेगा।” सोशल मीडिया पर दिशा-निर्देश भी जारी किए गए थे, जिनमें टकराव से बचने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का संदेश था।

 

प्रदर्शन में सोनम वांगचुक पहुंचे

सोनम वांगचुक ने भी इस आंदोलन का समर्थन किया है। अभिजीत दीपके ने उनका धन्यवाद करते हुए कहा कि वह जल्द ही प्रदर्शन में भाग लेंगे। वांगचुक ने कहा है कि यदि अभिजीत दीपके को गिरफ्तार किया गया, तो वह छह सप्ताह का उपवास करेंगे। युवाओं का कहना है कि परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी है और छात्रों की आवाज दबाई नहीं जानी चाहिए।

 

CJP के प्रदर्शन में 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मी मौजूद रहें

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जंतर-मंतर, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और अन्य संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। करीब 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में लगे हैं। प्रदर्शन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक की अनुमति के साथ हुआ और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखी।

 

सीजेपी का यह आंदोलन सोशल मीडिया से शुरू होकर परीक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। युवा और छात्र बड़ी तादाद में इसमें भाग ले रहे हैं। यह आंदोलन नीट पेपर लीक, परीक्षा विवाद और छात्रों की आत्महत्याओं जैसे मामलों को लेकर सरकार से जवाब मांग रहा है। संगठन ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील की है, साथ ही कहा है कि जब तक पारदर्शिता नहीं आएगी, यह आंदोलन जारी रहेगा।

कॉकरेच जनता पार्टी के प्रदर्शन की गाइडलाइन

सीजेपी ने अपनी आंदोलन गाइडलाइन में कहा है कि प्रदर्शनकारियों को तिरंगा और किताब लेकर आना चाहिए, हर गतिविधि की रिकॉर्डिंग करनी चाहिए, संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत पुलिस को सूचना देनी चाहिए। मास्क, पानी, सनस्क्रीन का प्रयोग और धूप से बचाव भी जरूरी बताया गया है। संगठन का तर्क है कि यह आंदोलन ‘लोकतंत्र वापसी’ का प्रयास है और यह शांतिपूर्ण तरीके से ही जारी रहेगा।

 

अभिजीत दीपके अमेरिका से दिल्ली पहुंच रहे हैं और सुबह 9 बजे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की शुरुआत की जाएगी। यह आंदोलन सोशल मीडिया पर वायरल हो रही गाइडलाइन और संदेशों के साथ देशभर में चर्चा का केंद्र बन गया है, जिसमें छात्रों, अभिभावकों और युवाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

Related Articles

Back to top button