Trending

जब शरीर ने दे दिया जवाब: चैंपियन एक्सेलसन ने भारी मन से लिया रिटायरमेंट का फैसला

दो बार के ओलंपिक और विश्व चैंपियन दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी विक्टर एक्सेलसन ने बुधवार को संन्यास की घोषणा करते हुए कहा कि लगातार चोटिल रहने की वजह से उन्हें यह फैसला लेना पड़ा।

डेनमार्क के इस खिलाड़ी ने बताया कि वह पिछले साल अक्टूबर से पीठ की समस्या के कारण किसी भी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाए हैं। उन्होंने इस परेशानी के इलाज के लिए सर्जरी भी कराई, लेकिन इसके बावजूद उनका दर्द पूरी तरह खत्म नहीं हुआ।

तीन बार के यूरोपीय चैंपियन एक्सेलसन ने एक बातचीत में कहा, “ज्यादातर लोग जानते हैं कि मैं लंबे समय से अपनी पीठ की समस्या से जूझ रहा हूं। पिछले साल अप्रैल में सर्जरी कराने और लंबे रिहैबिलिटेशन के बाद, दुर्भाग्य से अक्टूबर में यह दर्द फिर से लौट आया।” उन्होंने आगे कहा, “दर्द की वजह से मैं न तो खेल पा रहा हूं और न ही ठीक से अभ्यास कर पा रहा हूं। इसी कारण मुझे यह बहुत कठिन फैसला लेना पड़ा।”

@bwfmedia

एक्सेलसन कुल 183 सप्ताह तक विश्व नंबर एक खिलाड़ी रहे और इस मामले में वह तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने यह भी बताया कि दर्द कम न होने और डॉक्टरों द्वारा खेल जारी रखने पर एक और सर्जरी की चेतावनी दिए जाने के बाद उन्हें आखिरकार अपने शरीर की बात सुननी पड़ी।

मिलनसार स्वभाव के इस खिलाड़ी ने अपने पूरे करियर के दौरान अस्थमा जैसी समस्या से भी संघर्ष किया। उन्होंने टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में लगातार स्वर्ण पदक जीते, जबकि 2017 और 2022 विश्व चैंपियनशिप में भी खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा, वह यूरोपीय चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाली डेनमार्क की छह टीमों का हिस्सा भी रहे।

उन्होंने कहा, “मैंने यह फैसला डॉक्टरों से सलाह लेने के बाद लिया है। उनका कहना है कि मेरे वर्तमान दर्द के लिए संभवतः एक और सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। अगर वह सफल नहीं हुई, तो इससे भी अधिक गंभीर प्रक्रिया से गुजरना पड़ सकता है। मेरा शरीर मुझे रुकने का संकेत दे रहा है और मुझे अपने डॉक्टरों की सलाह माननी होगी।” एक्सेलसन ने अपना आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच अक्टूबर 2025 में डेनमार्क ओपन में खेला था।

Related Articles

Back to top button