रुतुराज गायकवाड़ को अश्विन की सलाह: ‘हवा में शॉट खेलने से बचें और संयम दिखाएं
पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा सीजन में लगातार दो जीत से कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर दबाव कम होगा।
उन्होंने इसके साथ ही खराब फॉर्म से जूझ रहे इस सलामी बल्लेबाज को पारी की शुरुआत में अपने खेल के तरीके में थोड़ा बदलाव करने की सलाह भी दी। पांच बार की चैंपियन सीएसके ने शुरुआत में लगातार तीन मुकाबले गंवाए थे, लेकिन इसके बाद उसने दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर शानदार वापसी की है।
अश्विन ने कहा, ‘‘कप्तान के रूप में उन्हें दो जीत मिल चुकी हैं, जिससे वह खुद को ज्यादा सहज महसूस करेंगे। सच कहूं तो अगर मैं डगआउट में होता या रुतुराज गायकवाड़ की जगह होता तो ज्यादा चिंता नहीं करता। टी20 प्रारूप ऐसा है जिसमें आपको लगातार इरादा दिखाना होता है।’’

गायकवाड़ रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने पांच मैचों में केवल 63 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 28 रन रहा है। उनकी असफलताओं के कारण युवा आयुष म्हात्रे के संजू सैमसन के साथ पारी की शुरुआत करने की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। ऐसे में गायकवाड़ के तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने की संभावना जताई जा रही है।
अश्विन ने गायकवाड़ को सलाह दी कि उन्हें पारी की शुरुआत में हवा में शॉट खेलने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘रुतुराज कुछ ज्यादा ही आक्रामक शॉट खेल रहे हैं और जल्दी आउट हो जा रहे हैं। अगर वह अपनी पारी की शुरुआत में थोड़ा संयम से खेलें, गेंद को सही टाइमिंग से खेलें और अधिक से अधिक ग्राउंड शॉट लगाएं तो इससे उन्हें फायदा मिल सकता है।’’
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन का मानना है कि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ संजू सैमसन के शतक ने सीएसके में नई ऊर्जा भर दी है। सैमसन ने दिल्ली के खिलाफ नाबाद 115 रन बनाकर शानदार पारी खेली और फिर कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 48 रन बनाए।
स्टेन ने कहा, ‘‘उनके उस शतक ने ड्रेसिंग रूम का माहौल बदल दिया। इससे टीम में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और इसी वजह से टीम ने जीत की राह पकड़ ली है।’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘आईपीएल में मैच जीतना वास्तव में बहुत कठिन होता है। कई बार जीत बेहद करीब होती है, फिर भी आप हार जाते हैं। इसलिए एक बार जीत मिलने के बाद टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ जाता है।’’



