झारखंड में नक्सलियों पर कोबरा की स्ट्राइक, चार ढेर, हथियार बरामद

झारखंड के हजारीबाग जिले के खपिया जंगल क्षेत्र में 209 कोबरा बटालियन की टीमों द्वारा एक सफल एंटी-नक्सल ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।
कोबरा बटालियन और पुलिस के इस संयुक्त ऑपरेशन के दौरान टीएसपीसी संगठन के चार उग्रवादियों को मार गिराने में सफलता मिली है। ऑपरेशन के दौरान, चीता राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में चीता अभिषेक यादव के साथ टीम का सामना नक्सलियों के एक समूह से हुआ। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। नक्सलियों का नेतृत्व शाहदेव महतो (RCM) कर रहा था। बताते चलें की शाहदेव संगठन का जोनल कमांडर था, जिसकी लम्बे समय से तलाश की जा रही थी और उस पर 15 लाख का इनाम था।
इस ऑपरेशन में शाहदेव के अलावा नताशा, SZCM, बुधन कर्माली, एरिया कमांडर, रंजीत गंझू, एरिया कमांडर भी मारे गए। इस मुठभेड़ में मौके से 02 AK सीरीज राइफल, 01 कोल्ट AR-15 राइफल, 01 इंसास राइफल जैसे खतरनाक हथियार बरामद किए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टीएसपीसी के उग्रवादी खपिया में एकत्र होकर बड़ी साजिश रच रहे हैं। जिसके बाद कोबरा और पुलिस ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। सुरक्षाबलों के नज़दीक पहुंचते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ हुई।
यह ऑपरेशन क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता है और सुरक्षाबलों की शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।



