Trending

रुतुराज के पास फॉर्म में लौटने का सुनहरा मौका था, लेकिन वह दबाव में दिखे : अश्विन

भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल मुकाबले में फॉर्म में लौटने का एक बेहतरीन मौका गंवा दिया।

शनिवार को खेले गए इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने सीएसके को 10 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स ने 194 रन बनाए, जिसके जवाब में चेन्नई टीम 184 रन ही बना सकी। अश्विन का कहना है कि गायकवाड़ इस दौरान दबाव में नजर आए।

उन्होंने बातचीत में कहा, “उनके लिए रन बनाने का यह सबसे अच्छा मौका था। आयुष म्हात्रे की अच्छी शुरुआत को देखते हुए उन्हें जोखिम लेने या तेज खेलने की जरूरत नहीं थी। पावरप्ले में टीम पूरी तरह नियंत्रण में थी। रुतुराज के पास क्रीज पर समय बिताकर रन बनाने और फॉर्म हासिल करने का सुनहरा अवसर था।”

साभार : गूगल

अश्विन ने आगे कहा, “आयुष म्हात्रे के आउट होने के बाद रुतुराज को एक अच्छी गेंद मिली। वह पुल शॉट अच्छे से खेलते हैं, लेकिन मुझे लगता है कि वह इस समय काफी दबाव में हैं और उनका दिमाग थोड़ा उलझा हुआ है।”

रुतुराज ने मौजूदा आईपीएल सीजन के शुरुआती छह मैचों में केवल 82 रन बनाए हैं। उनका औसत 13.67 और स्ट्राइक रेट 112.33 रहा है। सनराइजर्स हैदराबाद से श्रीलंकाई तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट झटके। उनकी गेंदबाजी को लेकर सनराइजर्स के गेंदबाजी कोच वरुण आरोन ने उनकी खूब सराहना की।

आरोन ने कहा, “ईशान मलिंगा को अक्सर कम आंका जाता है। उन्होंने शुरुआत से ही अच्छी गेंदबाजी की है। पिछले सीजन में भी उनका प्रदर्शन अच्छा रहा था। जब गेंद रिवर्स स्विंग करती है तो वह डेथ ओवरों में और भी खतरनाक हो जाते हैं। वह एक पूरी तरह से टी20 गेंदबाज हैं।”

युवा तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे ने अपने डेब्यू मैच में चार विकेट लेकर शानदार शुरुआत की थी, लेकिन अगले मैच में वह प्रभाव नहीं छोड़ पाए। इस पर आरोन ने कहा कि यह उनके लिए सीखने का अनुभव है।

उन्होंने कहा, “हम कई वर्षों से आईपीएल देख रहे हैं। यही इस लीग की खासियत है। आप पहले ही ओवर में तीन विकेट ले सकते हैं, जैसा कि प्रफुल्ल हिंगे ने अपने पहले मैच में किया, और अगले ही दिन एक ओवर में 15 रन भी दे सकते हैं। इसलिए यह उनके लिए एक महत्वपूर्ण सीख है।”

शनिवार को एक अन्य मुकाबले में डेविड मिलर ने आखिरी ओवर में दो छक्के लगाकर दिल्ली कैपिटल्स को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ रोमांचक जीत दिलाई।

पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने उनके प्रदर्शन पर कहा, “डेविड मिलर पर दबाव जरूर रहा होगा क्योंकि वह पिछले कुछ मैचों में टीम को जीत नहीं दिला पाए थे। ऐसे में संदेह पैदा हो सकता है, लेकिन वह अनुभवी बल्लेबाज हैं और उन्होंने आखिरकार मैच खत्म कर ही दिया।” दिल्ली ने आखिरी ओवर में 15 रन बनाकर आरसीबी को छह विकेट से हराया।

Related Articles

Back to top button