केकेआर की तलाश हुई खत्म! ‘जूनियर मलिंगा’ की वापसी, क्या पथिराना बदल पाएंगे टीम की किस्मत?
श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़ गए हैं, जिससे आईपीएल की तालिका में सबसे नीचे चल रही टीम को मजबूती मिली है। फ्रेंचाइजी ने रविवार को इसकी पुष्टि की।
पथिराना टी20 विश्व कप के दौरान चोटिल हो गए थे। उनकी पिंडली में चोट लगी थी, लेकिन अब वह पूरी तरह फिट हैं। उन्होंने श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) का फिटनेस परीक्षण पास कर लिया है और उन्हें आईपीएल में खेलने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र भी मिल चुका है।
वह रविवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मैच से पहले टीम के साथ जुड़ गए हैं। हालांकि, पथिराना को सीधे अंतिम एकादश में जगह मिलने की संभावना कम है, क्योंकि टीम पहले कुछ अभ्यास सत्रों के दौरान उनकी मैच फिटनेस का आकलन करेगी।

केकेआर ने इस तेज गेंदबाज को आईपीएल की पिछली नीलामी में 18 करोड़ रुपये में खरीदा था। पथिराना के टीम में शामिल होने से केकेआर को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि टीम इस सत्र में अब तक एक भी जीत दर्ज नहीं कर पाई है।



