Trending

स्टेडियम खाली, तेल का संकट, फिर भी पीएसएल को आईपीएल से बेहतर बताने की जिद!

भारत और पाकिस्तान में इस समय दोनों देशों की अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग जारी हैं—भारत में इंडियन प्रीमियर लीग और पाकिस्तान में पाकिस्तान सुपर लीग। भारत में बीसीसीआई को छोड़ भी दें, तो शायद ही कोई पूर्व क्रिकेटर पीएसएल की चर्चा करता नजर आता है।

पाकिस्तान में एक अलग ही जुनून देखने को मिल रहा है—आईपीएल बनाम पीएसएल की बहस। हालात ऐसे हैं कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से लेकर पत्रकारों तक, कोई भी इस बहस से अछूता नहीं है।

उद्देश्य साफ है—किसी भी तरह पीएसएल को आईपीएल से बेहतर साबित करना। नकवी तो खुलकर ऐसे दावे करते ही रहते हैं, वहीं कुछ पत्रकार विदेशी खिलाड़ियों से बार-बार आईपीएल और पीएसएल की तुलना को लेकर सवाल पूछते रहते हैं। दिलचस्प यह है कि कई पाकिस्तानी खुद भी सच्चाई सामने रख रहे हैं और नकवी को ट्रोल करने से भी पीछे नहीं हट रहे।

साभार : गूगल

मोहसिन नकवी अक्सर आईपीएल के मुकाबले पीएसएल को श्रेष्ठ बताते रहे हैं। ऐसा लगता है कि भारत और आईपीएल का जिक्र किए बिना उनकी कोई बात पूरी ही नहीं होती। पाकिस्तान में तेल संकट के कारण पीएसएल के मैच खाली स्टेडियम में खेले जा रहे हैं। जब मीडिया ने उनसे पूछा कि क्या दर्शकों को स्टेडियम में आने की अनुमति मिलेगी, तो उन्होंने भारत का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं।

उनके इस बयान पर न सिर्फ भारतीय बल्कि कई पाकिस्तानी भी मजाक बना रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि जब पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कमी के चलते स्टेडियम खाली हैं, तो भारत में आईपीएल के मैच दर्शकों की मौजूदगी में कैसे हो रहे हैं?

पाकिस्तानी मीडिया भी पीएसएल में खेलने वाले विदेशी खिलाड़ियों से लगातार आईपीएल बनाम पीएसएल पर सवाल पूछ रहा है। कोशिश यही है कि कोई खिलाड़ी आईपीएल के खिलाफ कुछ कह दे, ताकि इसे “पीएसएल की श्रेष्ठता” के रूप में पेश किया जा सके। हालांकि, जो खिलाड़ी किसी लीग में खेल रहा होता है, वह जाहिर तौर पर उसकी बुराई नहीं करेगा।

हाल ही में एक पाकिस्तानी पत्रकार ने श्रीलंकाई क्रिकेटर कुसाल मेंडिस से सवाल किया, “पिछले साल आप गुजरात टाइटंस के लिए खेलने के कारण पीएसएल से हट गए थे। आपने सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई थी। अब पीएसएल आपको फिर से मौका दे रहा है, जबकि गुजरात टाइटंस ने आपको नहीं चुना। क्या आपको अपने पिछले फैसले पर अफसोस है?”

इस सवाल का मेंडिस ने कोई जवाब नहीं दिया। पीएसएल में खेल रहे दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी राइली रूसो ने पत्रकारों को थोड़ा मसाला जरूर दे दिया।

उन्होंने कहा, “आईपीएल के पीछे पूरा बॉलीवुड है, इसलिए यह असली क्रिकेट से ज्यादा एक फिल्म जैसा लगता है। दोनों लीग्स की अपनी-अपनी खूबियां और चुनौतियां हैं।” पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अहमद शहजाद ने इस बहस का मजाक उड़ाया।

उन्होंने कहा, “देखिए, कुसाल मेंडिस पीएसएल में खेल रहा है और अच्छा प्रदर्शन भी कर रहा है, लेकिन उससे बार-बार पूछा जा रहा है कि वह पहले क्यों चला गया था, आईपीएल में क्यों गया था—ये सब क्या है? फिर राइली रूसो को देखिए—उनकी परफॉर्मेंस कैसी है, यह तो पता नहीं, लेकिन बयान जरूर दे रहे हैं।

जब उनसे आईपीएल के बारे में पूछा गया, तो जाहिर है कि पीएसएल खेलते हुए वह आईपीएल की तारीफ नहीं करेंगे। इसलिए उन्होंने कह दिया कि आईपीएल एक बॉलीवुड मूवी है। असली क्रिकेट तो पीएसएल में हो रही है, जबकि आईपीएल एक ऐसी फिल्म है जो खत्म ही नहीं हो रही।”

Related Articles

Back to top button