Trending

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के

नई दिल्ली : घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान बड़ी गिरावट नजर आ रही है। आज के कारोबार की शुरुआत भी जबरदस्त कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने कुछ देर तक लिवाली का जोर बना कर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों को सहारा देने की कोशिश भी की, लेकिन थोड़ी ही देर बाद एक बार फिर बिकवाली का दबाव बढ़ जाने से दोनों सूचकांकों की चाल में दोबारा गिरावट का रुख बन गया। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 2.37 प्रतिशत और निफ्टी 2.27 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

 

दरअसल, पश्चिम एशिया संकट की वजह से कच्चे तेल की कीमत में आज जबरदस्त तेजी आ गई है। ब्रेंट क्रूड उछल कर 112.83 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंच गया है। इसी तरह वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड भी 100.02 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचा हुआ है। कच्चे तेल की कीमत के कारण पूरी दुनिया के स्टॉक मार्केट में हाहाकार मचा हुआ है, जिसका असर भारतीय शेयर बाजार में भी साफ साफ नजर आ रहा है। बाजार में आई कमजोरी के कारण आज का कारोबार शुरू होते ही बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप करीब सात लाख करोड़ रुपये घट गया। मतलब आज का कारोबार शुरू होने के बाद ही निवेशकों को एक झटके में लगभग सात लाख करोड़ रुपये की चपत लग गई।

 

आज प्रातः 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से सिर्फ दो शेयर मजबूती के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे। ओएनजीसी 0.06 प्रतिशत और कोल इंडिया 0.01 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, एचडीएफसी बैंक, लार्सन एंड टूब्रो, श्रीराम फाइनेंस, टीएमपीवी और बजाज फाइनेंस के शेयर 4.86 प्रतिशत से लेकर 3.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

 

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,705 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 400 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 2,305 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। आज 10 बजे तक के कारोबार में सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से कोई भी शेयर हरे निशान में नहीं था। सेंसेक्स के सभी 30 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से सिर्फ दो शेयर हरे निशान में थे, जबकि 48 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

 

बीएसई का सेंसेक्स आज 1,953.21 अंक की बड़ी गिरावट के साथ 74,750.92 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक ने ओपनिंग लेवल से करीब 600 अंक की रिकवरी कर 75,354.18 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफलता हासिल की। इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण इस सूचकांक की कमजोरी दोबारा बढ़ने लगी। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1,814.66 अंक की कमजोरी के साथ 74,889.47 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

 

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 580.05 अंक टूट कर 23,197.75 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के थोड़ी देर बाद खरीदारी का सहारा मिलने से यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 180 अंक की रिकवरी कर 23,378.70 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिससे इस सूचकांक की कमजोरी और बढ़ने लगी। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 540.45 अंक की गिरावट के साथ 23,237.35 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

 

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 633.29 अंक यानी 0.83 प्रतिशत की मजबूती के साथ 76,704.13 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 196.65 अंक यानी 0.83 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,777.80 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।

Related Articles

Back to top button