Trending

इन्फोसिस का विशाखापत्तनम में बड़ा विस्तार, 20 एकड़ में बनेगा नया आईटी कैंपस 

विशाखापत्तनम में इन दिनों तकनीक एवं आईटी क्षेत्र की कंपनियों की गहमागहमी काफी बढ़ गई है। कुछ ही दिन पहले अमेरिकी दिग्गज गूगल ने आंध्र प्रदेश के इस तटीय शहर में 15 अरब डॉलर के निवेश के साथ योजना शुरू करने का ऐलान किया था। अब सूचना-प्रौद्योगिकी (IT) क्षेत्र की भारत की प्रमुख कंपनी इन्फोसिस ने भी शहर में 20 एकड़ का स्थायी परिसर खोलने की योजना बनाई है। इन्फोसिस की इस पहल से उभरते आईटी क्षेत्र के रूप में इस शहर की छवि और मजबूत होगी।

इन्फोसिस के इस परिसर में लगभग 7,000 लोग काम करेंगे। राज्य सरकार ने गुरुवार को कहा कि परियोजना के लिए भूमि पहले ही आवंटित की जा चुकी है। यह विशाखापत्तनम की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था में कंपनी के रणनीतिक विस्तार का हिस्सा है जिसके तहत पिछले दो वर्षों में कंपनी ने अपने कर्मचारियों की संख्या तेजी से बढ़ाई है जो वर्ष 2024 की शुरुआत में लगभग 250 से बढ़कर अब 1,900 तक पहुंच गई है। आने वाले समय में और 750 लोग इस परिसर में काम करेंगे। इन्फोसिस विशाखापत्तनम परिसर ने इस क्षेत्र से 1,000 से अधिक नए लोगों और 500 पुराने कर्मचारियों की भर्ती की है। इससे उद्योग के लिए तैयार प्रतिभा की उपलब्धता और आंध्र प्रदेश की लक्षित कौशल विकास और उद्योग-उन्मुख शिक्षा पहल की सफलता जाहिर होती है।

एक अन्य आईटी कंपनी कॉग्निजेंट विशाखापत्तनम में लगभग 1,583 करोड़ रुपये के निवेश से विश्व-स्तरीय आईटी और आईटी-सक्षम सेवा (आईटीईएस) परिसर स्थापित करेगी जिससे 8,000 रोजगार सृजित होंगे।

टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस (TCS) भी इस बंदरगाह शहर में विस्तार परियोजना शुरू कर रही है। इसके लिए 30 एकड़ जमीन आवंटित की जा चुकी है। विप्रो विशाखापत्तनम में दशकों से मौजूद है। अब वह भी विस्तार करेगी। राज्य सरकार ने अकेले विशाखापत्तनम में गूगल, मेटा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टीसीएस और 6 अन्य कंपनियों को कुल 5 गीगावॉट (जीडब्ल्यू) डेटा सेंटर उपलब्ध कराने का वादा किया है।

Related Articles

Back to top button