Trending

डीजल और जेट फ्यूल पर एक्सपोर्ट ड्यूटी घटी, आज से लागू हुई नई कीमतें 

केंद्र सरकार ने डीजल और जेट फ्यूल (ATF) के एक्सपोर्ट ड्यूटी को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सरकार की ओर से जारी ताजा अधिसूचना के अनुसार, डीजल पर लगने वाली एक्सपोर्ट ड्यूटी में कटौती की गई है। अब इसे 55.5 रुपये से घटाकर सीधे 23 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। इसी तरह, हवाई जहाज में इस्तेमाल होने वाले जेट फ्यूल (ATF) पर भी एक्सपोर्ट ड्यूटी 42 रुपये से कम करके 33 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। हालांकि, देश के भीतर इस्तेमाल होने वाले पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पेट्रोल के निर्यात पर शुल्क शून्य बना रहेगा। इससे घरेलू खुदरा कीमतों पर असर नहीं पड़ेगा।

वित्त मंत्रालय ने कहा है कि घरेलू खपत के लिए पास पेट्रोल और डीजल पर मौजूदा एक्साइज ड्यूटी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पेट्रोल, डीजल और विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) के निर्यात पर एक्सपोर्ट ड्यूटी 27 मार्च से लागू किए गए थे, जिससे पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर निर्यात को हतोत्साहित करके पेट्रोलियम प्रोडक्शन की घरेलू उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

बता दें कि कीमतों में हर पखवाड़े संशोधन किया जाता है और पिछला संशोधन 11 अप्रैल 2026 से प्रभावी हुआ था। कीमतें पिछली समीक्षा के बाद की अवधि के दौरान चल रही कच्चे तेल, पेट्रोल, डीजल और एटीएफ के औसत अंतरराष्ट्रीय कीमतों के आधार पर निर्धारित की जाती हैं।

बता दें कि दुनिया के तीसरे सबसे बड़े तेल आयातक देश होने के नाते भारत पर वैश्विक हलचल का सबसे ज्यादा असर पड़ता है। मौजूदा समय में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के बंद होने से तेल सप्लाई बाधित हुई है। इस भू-राजनीतिक अस्थिरता की वजह से कच्चे तेल की कीमतें इसी महीने 126 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंच गई थीं। इतनी ऊंची कीमतों ने तेल मार्केटिंग कंपनियों के मार्जिन पर भारी दबाव डाल दिया है। इसके बावजूद, सरकार ने पिछले चार सालों से घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को स्थिर रखा है, ताकि जनता को महंगाई के सीधे वार से बचाया जा सके।

Related Articles

Back to top button