Trending

जेसन होल्डर और साई सुदर्शन चमके, गुजरात ने पंजाब से लिया हार का बदला

गुजरात टाइटंस ने जेसन होल्डर (चार विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के कमाल के प्रदर्शन के बाद साई सुदर्शन (57) और वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 40) की शानदार बल्लेबाजी से गुजरात टाइटंस ने आईपीएल मैच में यहां तालिका में शीर्ष पर काबिज पंजाब किंग्स को चार विकेट से शिकस्त दी।

पंजाब किंग्स से सूर्यांश शेडगे ने 57 रनों की उत्कृष्ट पारी खेली, लेकिन होल्डर के साथ कागिसो रबाडा (दो विकेट) और मोहम्मद सिराज (दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के सामने टीम 163 रन ही बना सकी। गुजरात टाइटंस ने 167 रन बनाकर प्लेऑफ की अपनी दावेदारी मजबूत की।

टाइटंस ने इसके साथ ही इस सत्र में पंजाब किंग्स से 31 मार्च को मिली तीन विकेट की शिकस्त का बदला भी चुकता कर लिया। इस हार के बावजूद पंजाब किंग्स नौ मैचों में 13 अंक के साथ तालिका में शीर्ष पर है, टाइटंस 10 मैचों में छठी जीत के बाद 12 अंक के साथ पांचवें स्थान पर है।

© Associated Press

मौजूदा सत्र का तीसरा अर्धशतक जड़ने वाले सुदर्शन ने जोस बटलर (26) के साथ दूसरे विकेट के लिए 40 गेंदों में 53 रन की साझेदारी करने के बाद निशांत सिंधू (15) के साथ 20 गेंदों में 25 और सुंदर के साथ चौथे विकेट के लिए 20 गेंदों में 30 रन की साझेदारी कर जीत की नींव रखी।

सुदर्शन ने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का जड़ा, जबकि सुंदर ने नाबाद पारी में इतने ही चौके और एक छक्का लगाया। पंजाब किंग्स के लिए अर्शदीप सिंह और विजयकुमार वैशाख ने दो-दो, जबकि मार्को यानसन और स्टोइनिस ने एक-एक विकेट चटकाए।

पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 8.4 ओवर में 47 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। शेडगे ने इसके बाद मार्कस स्टोइनिस (40) के साथ छठे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।

© Associated Press

लक्ष्य का पीछा करते हुए सुदर्शन ने जेवियर बार्टलेट की दूसरी गेंद पर ही बेहतरीन कवर ड्राइव से चौका जड़ा। गिल ने अर्शदीप की गेंद को मिडविकेट बाउंड्री की तरफ भेजा, लेकिन अगली गेंद को हवा में खेल बैठे और कूपर कोनोली ने आसानी से कैच लपक लिया।

बटलर ने यानसन और बार्टलेट पर छक्कों के साथ हाथ खोला, जबकि सुदर्शन ने छठे ओवर में यानसन के खिलाफ एक और छक्का जड़कर पावरप्ले में टीम का स्कोर एक विकेट पर 58 रन कर दिया।

विजयकुमार वैशाख ने नौवें ओवर में गेंदबाजी पर आते ही बटलर को आउट किया, लेकिन पदार्पण कर रहे सिंधू ने उनके खिलाफ छक्का जड़कर आत्मविश्वास दिखाया। वह हालांकि स्टोइनिस के खिलाफ एक और आक्रामक शॉट खेलने की कोशिश में बैकवर्ड प्वाइंट पर वैशाख द्वारा लपके गए।

सुंदर ने क्रीज पर आते ही चौके से खाता खोला, जबकि सुदर्शन ने 14वें ओवर में युजवेंद्र चहल का स्वागत दो चौकों से कर 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह हालांकि अगले ओवर में ही वैशाख की गेंद पर बार्टलेट को कैच दे बैठे।

सुंदर ने दबाव के बीच यानसन के ओवर में दो चौके जड़े, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के इस गेंदबाज ने ओवर की आखिरी गेंद पर राहुल तेवतिया (दो) को आउट कर दिया। वहीं, अर्शदीप ने 19वें ओवर में जेसन होल्डर (पांच) को आउट कर मैच में रोमांच बना दिया।

टाइटंस को आखिरी ओवर में 11 रन की जरूरत थी और गेंद स्टोइनिस के हाथ में थी। अरशद खान (नाबाद आठ) ने पहली ही गेंद पर चौका लगाकर दबाव कम किया, जबकि सुंदर ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी।

इससे पहले घरेलू क्रिकेट में मुंबई के लिए कई बार तेज पारी खेल सुर्खियां बटोर चुके दाएं हाथ के बल्लेबाज शेडगे ने बिना जल्दबाजी के खेलते हुए गुजरात के गेंदबाजों की अनुशासित लाइन-लेंथ का सम्मान किया, लेकिन मौके मिलने पर आक्रामकता भी दिखाई। उन्होंने पारी के 14वें ओवर में मानव सुतार के खिलाफ तीन छक्के और दो चौके जड़ते हुए 27 रन बटोरे और सिर्फ 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

वह अर्धशतक पूरा करने के बाद रबाडा की गेंद पर विकेटकीपर जोस बटलर को कैच देकर वह पवेलियन लौट गए, जिससे पंजाब की पारी फिर पटरी से उतर गई। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और पांच छक्के जड़े, जबकि स्टोइनिस ने पांच चौके और एक छक्का लगाया।

सिराज ने मैच की शुरुआत में ही पंजाब को दोहरे झटके देते हुए शुरुआती ओवर में लगातार गेंदों पर प्रियांश आर्य (दो) और कूपर कोनोली (शून्य) को आउट कर दिया। आर्य ने निशांत सिंधू को कैच थमाया, जबकि कोनोली के बल्ले का किनारा लेकर गेंद बटलर के दस्तानों में समा गई।

प्रभसिमरन सिंह (15) भी रबाडा की 152 किमी प्रति घंटे की तेज गेंद का सामना नहीं कर सके और सुतार को कैच दे बैठे। इसके बाद होल्डर ने नेहाल वढेरा (शून्य) और कप्तान श्रेयस अय्यर (19) को आउट कर पंजाब की स्थिति और खराब कर दी।

वढेरा का कैच भी बटलर ने लपका, जबकि अय्यर गेंद को थर्ड मैन की दिशा में खेलने के प्रयास में बोल्ड हो गए। यानसन (20) ने राशिद खान (एक विकेट) के आखिरी ओवर में कुछ जोरदार शॉट लगाकर टीम का स्कोर 160 के पार पहुंचाया।

Related Articles

Back to top button