Trending

गाजा में सामूहिक अंतिम संस्कार

2023 के इजरायली हवाई हमले में मारे गए 112 लोगों के अवशेष 3 साल बाद मिले, 40 बच्चे शामिल

सरिता त्रिपाठी/ गाजा सिटी / यरूशलेम: इजरायल और हमास के बीच चल रहे युद्ध के बीच मध्य गाजा (Central Gaza) के दीर अल-बलाह (Deir al-Balah) इलाके से एक बेहद हृदयविदारक तस्वीर सामने आई है। मंगलवार को गाजा में हजारों की संख्या में फिलिस्तीनियों ने 112 लोगों के अवशेषों का एक सामूहिक अंतिम संस्कार (Mass Funeral) किया। ये सभी लोग नवंबर 2023 में गाजा सिटी के सबरा (Sabra) पड़ोस में हुए एक विनाशकारी इजरायली हवाई हमले में मारे गए थे। सबसे अधिक दुखद बात यह है कि इन मृतकों में 40 मासूम बच्चे भी शामिल थे।

22 नवंबर 2023 को इजरायली युद्धक विमानों ने एक आवासीय ब्लॉक को पूरी तरह से नष्ट कर दिया था, जिसमें अबू शरिया (Abu Sharia) और अल-हसायना (al-Hasayna) परिवारों के 300 से अधिक लोग मारे गए थे। उस समय इजरायली हमलों की तीव्रता के कारण मलबे से केवल 40 शव ही निकाले जा सके थे। पिछले लगभग तीन वर्षों से ये 112 शव हजारों टन कंक्रीट और मलबे के नीचे दबे हुए थे। हाल ही में अक्टूबर में हुए युद्धविराम (Ceasefire) के बाद गाजा के नागरिक सुरक्षा दलों (Civil Defence) को मलबे की खुदाई करने का मौका मिला, जिसके बाद सप्ताहांत में इन अवशेषों को बाहर निकाला जा सका।

दीर अल-बलाह की सड़कों पर फिलिस्तीनी झंडों (Palestinian flags) में लिपटे 100 से अधिक ताबूतों को एक कतार में रखा गया। रोते-बिलखते परिजनों ने नमाज-ए-जनाजा अदा की और फिर मलबे से अटी सड़कों से गुजरते हुए अवशेषों को पास के एक कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया। फिलिस्तीनी नागरिक सुरक्षा के प्रवक्ता महमूद बसल ने ‘एक्स’ (X) पर इसे युद्ध के दौरान गाजा का “सबसे बड़ा और दर्दनाक” अंतिम संस्कार बताया।

गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के रिकॉर्ड विभाग के प्रमुख जाहेर अल-वहीदी के अनुसार, गाजा भर में अभी भी कम से कम 7,400 लोगों के शव मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है क्योंकि कई हमलों में पूरे के पूरे परिवार खत्म हो गए, जिससे उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराने वाला कोई नहीं बचा।

इस सामूहिक अंतिम संस्कार ने युद्ध की विभीषिका और मानवीय त्रासदी को एक बार फिर दुनिया के सामने ला दिया है। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह केवल एक अंतिम संस्कार नहीं था, बल्कि “नरसंहार के आंकड़ों को ताबूतों और कफन में बदलते हुए देखने” का एक खौफनाक मंजर था। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा हाल ही में एक नए युद्धविराम सौदे (Historic agreement) की घोषणा की गई थी, लेकिन इसके बावजूद सप्ताहांत में इजरायली हमलों में कई और फिलिस्तीनियों की जान चली गई।

Related Articles

Back to top button