समुद्र की गहराई में मिला ‘मृत’ माना गया 60 साल पुराना जीवित कोरल गार्डन

नई दिल्ली ( इंडियन व्यू टीम) : अफ्रीका के पश्चिमी तट पर स्थित बेनिन के समुद्र में वैज्ञानिकों को एक ऐसी खोज की है, जिसने समुद्री दुनिया के बारे में हमारी सोच को बदल दिया है। वैज्ञानिकों ने समुद्र की 50 मीटर से अधिक गहराई में एक ऐसा कोरल गार्डन खोजा है, जिसे करीब 60 साल पहले बदलती जलवायु व अन्य कारणों के चलते मृत मान लिया गया था। आधुनिक सोनार तकनीक और पानी के अंदर काम करने वाले कैमरों की मदद से पता चला कि यह क्षेत्र आज भी जीवित और सक्रिय है।

1960 के दशक में समुद्री सर्वेक्षण के दौरान वैज्ञानिकों ने इस जगह पर गहरे पानी में एक संभावित रीफ यानी प्रवाल भित्ति के संकेत देखे थे। उस समय उनका अनुमान था कि यह रीफ शायद अब जीवित नहीं है। कई दशकों तक इस जगह पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया। लेकिन हाल के वर्षों में वैज्ञानिकों को शक हुआ कि यहां एक गहरा समुद्री कोरल क्षेत्र मौजूद हो सकता है।

बेनिन के समुद्री वैज्ञानिक की टीम ने पुराने रिकॉर्ड की मदद से इस क्षेत्र की दोबारा तलाश शुरू की। उन्होंने समुद्र के लगभग 11.5 किलोमीटर हिस्से का सोनार से अध्ययन किया। सोनार में समुद्र की सतह के नीचे कुछ ऐसी संरचनाएं दिखाई दीं, जो कोरल रीफ जैसी लग रही थीं।

 

इसके बाद वैज्ञानिकों ने पानी के अंदर जाने वाले ड्रोन और नेशनल जियोग्राफिक एक्सप्लोरेशन टेक्नोलॉजी लैब के डीप सी कैमरा सिस्टम की मदद से इन जगहों की जांच की। जब कैमरों से समुद्र की वास्तविक तस्वीरें सामने आईं, तो वैज्ञानिकों को यकीन नहीं हुआ कि इतने वर्षों बाद भी वहां एक जीवित समुद्री संसार मौजूद है।

 

Related Articles

Back to top button