Trending

लखनऊ और कानपुर में गूंजेगा यूपी टी-20 लीग का रोमांच, 14 अगस्त से आगाज

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने रविवार को ऐतिहासिक फैसला लेते हुए पहली बार यूपी टी-20 लीग को दो शहरों में कराने का ऐलान किया। लीग के चेयरमैन डा.संजय कपूर ने प्रेस वार्ता में बताया कि लीग का चौथा सीजन 14 अगस्त से 6 सितम्बर तक लखनऊ और कानपुर दोनों शहरों में आयोजित किया जायेगा।

जिसमें उद्घाटन समारोह सहित 22 लीग मैच 14 से 26 अगस्त तक इकाना स्टेडियम में और प्लेऑफ व फाइनल सहित शेष लीग मैच 28 अगस्त से 6 सितम्बर तक ग्रीन पार्क स्टेडियम में होंगे।

27 अगस्त को ब्रेक-डे रखा गया है। लगभग 24 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 34 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें 13 डबल हेडर एवं 8 सिंगल हेडर मैच शामिल होंगे। लीग के ब्रांड एम्बेस्डर पूर्व का भांति भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ही रहेंगे वहीं तीन करोड़ की पुरस्कार राशि को भी बरकरार रखा गया है।

साभार : गूगल

जिसमें विजेता टीम को एक करोड़ और उपविजेता को 60 लाख रुपए दिये जायेंगे। प्रेस वार्ता में यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला, यूपी टी-20 लीग काउंसिल के सदस्य संजीव सिंह और मीडिया मैनेजर अहमद अली खान तालिब मौजूद रहे।

प्रेसवार्ता में डा. कपूर ने बताया कि इस बार मिनी ऑक्शन 24 जुलाई को आगरा में होटल ताज में रखा गया है। जिसमें सभी छह फ्रेंचाइजी अपने 18 सदस्यीय दल को पूरा करेंगी। जिसके लिए कुल 45 जगह खाली है।

उन्होंने बताया कि काशी रुद्रास, गौर गोरखपुर लॉयंस, लखनऊ फाल्कंस और मेरठ मेवरिक्स ने 12-12 वहीं कानपुर सुपरस्टार ने सात और नोएडा सुपरकिंग्स ने आठ खिलाड़ियों को रिटेन किया था।

डा. कपूर ने बताया कि इकाना और ग्रीन पार्क दोनों जगह लीग को सफल बनाने के लिए हमने टिकटों की दर 100 रुपए से शुरू करने का फैसला किया है। इकाना में जहां पचास हजार क्षमता है वहीं ग्रीन पार्क में बीस हजार से आसपास दर्शक मैच देख पायेंगे।

डा.कपूर ने बताया कि लीग के माध्यम से यूपीसीए ने खेल को सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ते एक विशेष पर्यावरण अभियान प्रारम्भ करने का फैसला किया है। जिसमें लीग के दौरान प्रत्येक चौके व छक्के के बराबर संख्या में प्रदेश के विभिन्न जनपदों में वृक्षारोपड़ किया जायेगा।

Related Articles

Back to top button