टी20 विश्व कप से भारत बाहर, पैरी-गार्डनर ने ऑस्ट्रेलिया को दिलाई छह विकेट से जीत
वनडे विश्व विजेता भारतीय टीम टी20 में उस प्रदर्शन को नहीं दोहरा सकी और एलिसे पैरी तथा एशले गार्डनर की शानदार पारियों से आस्ट्रेलिया ने रविवार को उसे छह विकेट से हराकर महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप चरण से ही बाहर कर दिया।
जीत के लिये 171 रन का लक्ष्य हासिल करते हुए छह बार की चैम्पियन आस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। अपना 10वां विश्व कप खेल रही पैरी ने 56 और गार्डनर ने नाबाद 53 रन बनाये। दोनों ने चौथे विकेट के लिये 100 रन की साझेदारी की।
आस्ट्रेलिया ग्रुप वन में दस अंक लेकर शीर्ष पर रही जबकि भारत छह अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इस ग्रुप से दक्षिण अफ्रीका भी सेमीफाइनल में पहुंच गया जिसने दिन में एक अन्य मैच में बांग्लादेश को हराया था। आस्ट्रेलिया की शुरूआत अच्छी नहीं रही और दसवें ओवर में ही 68 रन पर उसके तीन विकेट गिर गए थे।

फीबी लिचफील्ड, जॉर्जिया वोल और अनुभवी बेन मूनी सस्ते में आउट हो गए। वोल को पहले ही ओवर में रेणुका सिंह ने पवेलियन भेजा। इसके बाद पैरी और गार्डनर ने भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया। अपने बरसों के अनुभव का पूरा इस्तेमाल करते हुए उन्होंने जोखिम लिये बिना रन बनाये।
गार्डनर ने स्पिनर श्री चरणी और शेफाली वर्मा को छक्के लगाये। पैरी ने 33 गेंद में और गार्डनर ने 29 गेंद में अर्धशतक पूरे किये। इससे पहले कप्तान हरमनप्रीत के 56 रन से भारत ने 170 रन बनाये हालांकि बाकी भारतीय बल्लेबाज तेजी से रन बनाने में नाकाम रहे।
भारत की शुरूआत अच्छी रही और स्मृति मंधाना (38) और शेफाली वर्मा (34) ने 66 रन की साझेदारी की। दोनों हालांकि तेजी से रन नहीं बना सकी और रनरेट कभी सात के ऊपर नहीं गया। शेफाली ने आफ स्पिनर एशले गार्डनर को दो छक्के लगाये और मंधाना ने तेज गेंदबाज किम गार्थ को दो चौके लगातार जड़े लेकिन इसके अलावा बड़े शॉट कम ही दिखे।

भारत ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 43 रन बना लिये थे। इसके बाद शेफाली ने आक्रामक खेलने की कोशिश की लेकिन आस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी मोलिनू को बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में विकेट गंवा बैठी।
मंधाना भी ज्यादा देर टिक नहीं सकी और जेमिमा रौड्रिग्स (34 रन) के साथ हुई गलतफहमी के कारण एक रन चुराने के प्रयास में पिच के बीच आ गई और डीप से जॉर्जिया वेयरहैम ने गेंदबाज लूसी हैमिल्टन को सटीक थ्रो फेंककर उन्हें रन आउट कर दिया।
जेमिमा ने मोलिनू को चौका लगाकर शुरूआत की लेकिन बाकी पारी में वह लय कायम नहीं रख सकी। वनडे विश्व कप में आस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत की नायिका रही जेमिमा को 27 के स्कोर पर जीवनदान भी मिला। तेज गेंदबाज अनाबेल सदरलैंड की अगली गेंद पर उन्होंने डीप में छक्का लगाया।
आखिरी ओवर से पहले वह रिटायर्ड हर्ट हो गई। आक्रामक बल्लेबाज रिचा घोष एक ही गेंद खेल सकी। हरमनप्रीत ने हालांकि तेजी से रन बनाये। उन्होंने 26 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। आखिरी ओवर में उन्होंने लगातार तीन छक्के जड़े और इस ओवर में 23 रन बने।



