हैट्रिक के बाद भी हार गई टेक्सेस, निखिल चौधरी ने आखिरी गेंद पर पलटा मैच
मेजर लीग क्रिकेट के 13वें मैच में रोमांच की हदें पार हो गई। टेक्सेस सुपर किंग्स ने पहले बैटिंग करते हुए 185 रन बोर्ड पर लगाए थे, जिसके जवाब में वॉशिंगटन फ्रीडम ने 180 रन बोर्ड पर लगा दिए थे। आखिरी ओवर में उन्हें जीत के लिए 6 ही रनों की दरकार थी।
फाफ डुप्लेसी ने अकील हुसैन को गेंद थमाई और वेस्टइंडीज के इस गेंदबाज ने हैट्रिक लेकर मैच लगभग पलट ही दिया था, मगर निखिल चौधरी ने आखिरी गेंद पर उनकी सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी टेक्सेस सुपर किंग्स ने 185 रन बोर्ड पर लगाए थे। डेवोन फरेरा और वियान मुल्डन ने 44 और 43 रनों की धुआंधार पारी खेल टीम को इस स्कोर तक पहुंचाया।
186 के टारगेट का पीछा करने उतरी वॉशिंगटन फ्रीडम की टीम के लिए मिचेल ओवन और स्टीव स्मिथ ने धमाकेदार शुरुआत की। ओवन इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं, उन्होंने 77 रन बनाए। वहीं स्टीव स्मिथ ने 30 रनों की पारी खेली।

इस रनचेज में आधा काम इन दोनों ओपनर ने ही कर दिया था। पहले विकेट के लिए दोनों के बीच 91 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि इनके आउट होने के बाद वॉशिंगटन फ्रीडम की टीम लड़खड़ाती दिखी। 19वें ओवर में जैसे-तैसे टीम 180 के स्कोर तक पहुंची।
उस समय ऐसा लग रहा था कि वह आराम से जीत जाएंगे, मगर उनके और जीत के बीच अकील हुसैन आ गए। आखिरी ओवर में जब वॉशिंगटन फ्रीडम की टीम को 6 रनों की दरकार थी तो मार्को यानसन ने पहली गेंद डॉट खेली। इसके बाद वह अगली गेंद पर आउट हो गए।
अकील हुसैन ने इसके बाद अपोंसो और फिर आसिफ महमूद को अपना शिकार बनाकर हैट्रिक पूरी की। इस हैट्रिक को निखिल चौधरी ने नॉन स्ट्राइकर एंड से देखा। वह 18 गेंदों पर 21 रन बनाकर वहां मौजूद थे। पांचवीं गेंद पर लॉकी फर्ग्युसन एक रन लेकर निखिल को स्ट्राइक देने में कामयाब रहे। भारत में जन्मे ऑस्ट्रेलिया के इस खिलाड़ी ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर मैच को अपने नाम किया। इस मैच का अंत बेहद ही रोमांचक रहा।


