लामार्टिनियर कॉलेज के राजवीर सिंह कक्कड़ ने ऑल इंडिया जी.वी. मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप के लिए किया क्वालीफाई
लखनऊ। लामार्टिनियर कॉलेज की शूटिंग टीम के कप्तान राजवीर सिंह कक्कड़ ने नई दिल्ली स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 49वीं उत्तर प्रदेश राज्य शूटिंग चैंपियनशिप के पहले दिन शानदार प्रदर्शन किया।
राजवीर ने अंडर-18 यूथ वर्ग की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में 400 में से 383 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने प्रतिष्ठित ऑल इंडिया जी.वी. मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।

लामार्टिनियर कॉलेज की शूटिंग टीम के कप्तान राजवीर की इस उपलब्धि से विद्यालय और उनके परिजनों में खुशी का माहौल है। उनके पिता हनी कक्कड़ ने बेटे की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राजवीर ने लगातार मेहनत और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने राजवीर सिंह कक्कड़ को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी हैं।



