यूक्रेन को हराने के बाद भारतीय टीम के सामने अब ‘चीन की दीवार’, नॉकआउट में पहुंचने के लिए जीत जरूरी
भारतीय महिला बैडमिंटन टीम ने उबर कप बैडमिंटन टूर्नामेंट के ग्रुप ए में अपने दूसरे मुकाबले में यूरोपीय चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता यूक्रेन को 4-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को मजबूत बनाए रखा।
इससे पहले भारतीय टीम अपने पहले मैच में मेजबान डेनमार्क से 2-3 से हार गई थी। यूक्रेन के खिलाफ मुकाबले में भारत की युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
उन्नति हुडा ने पोलिना बुहरोवा को 21-19, 22-20 से एक रोमांचक मुकाबले में हराकर भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद जूनियर विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता तन्वी शर्मा ने येवहेनिया कांटेमिर को 21-12, 17-21, 21-10 से मात देकर भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया।

भारत ने पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधु को एकल मुकाबले में आराम दिया था, जिसके चलते 2026 थाईलैंड मास्टर्स चैंपियन देविका सिहाग को तीसरे एकल में मौका मिला। उन्होंने इस अवसर का पूरा फायदा उठाते हुए मारिया स्टोलियारेन्को को 23-21, 21-13 से हराकर बेहतरीन प्रदर्शन किया।
भारत को एकमात्र हार महिला युगल के पहले मुकाबले में झेलनी पड़ी, जहां कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंघी को बुहरोवा और कांटेमिर के खिलाफ 11-21, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि इसके बाद पीवी सिंधु और तनीशा क्रास्टो ने वापसी करते हुए स्टोलियारेन्को और सोफिया लावरोवा को 21-18, 21-15 से हराकर जीत पक्की की।
अब भारत सोमवार को अपने अंतिम ग्रुप मैच में चीन से भिड़ेगा, और क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए उसे यह मुकाबला जीतना अनिवार्य होगा।



