Trending

शतक से मचा तूफान, वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाज़ी के दीवाने हुए पैट कमिंस

आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले 15 साल के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है, लेकिन आईपीएल, अंडर-19 और भारत ए टीम के लिए खेलते हुए अपनी तूफानी बल्लेबाजी के दम पर उन्होंने दुनिया भर में बड़ी संख्या में फैंस बना लिए हैं।

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान और आईपीएल में एसआरएच की कप्तानी कर रहे पैट कमिंस भी अब सूर्यवंशी के नए फैन बन गए हैं। आईपीएल 2026 में शनिवार को जयपुर में शाम का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया।

एसआरएच ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। आरआर की ओर से पारी की शुरुआत करने उतरे वैभव सूर्यवंशी ने शानदार शतक जड़ दिया। उन्होंने अपनी पारी में 12 छक्कों और 5 चौकों से 103 रन बनाए।

साभार : गूगल

उनकी इस धमाकेदार पारी से राजस्थान रॉयल्स ने 228 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। हालांकि, एसआरएच ने 229 रन बनाकर मैच जीता। भले ही मैच एसआरएच ने जीत लिया, लेकिन वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी ने विपक्षी कप्तान पैट कमिंस को भी प्रभावित कर दिया और वह उनके फैन बन गए।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पैट कमिंस ने कहा, “वह मेरा नया पसंदीदा खिलाड़ी है। उसे बल्लेबाजी करते देखना बहुत ही शानदार और मनोरंजक अनुभव है। वह बेहद शानदार है। उसके करियर की शुरुआत जबरदस्त रही है और उसे अभी बहुत आगे जाना है। उसमें अकेले दम पर मैच का रुख बदल देने की क्षमता है।”

पैट कमिंस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक सफल, बड़े और बेहद सम्मानित कप्तान के रूप में जाने जाते हैं। उनकी यह तारीफ वैभव सूर्यवंशी के लिए निश्चित रूप से बहुत उत्साहजनक है।

कमिंस ने शनिवार को आईपीएल 2026 का अपना पहला मैच भी खेला। उनकी मौजूदगी ने एसआरएच की गेंदबाजी को काफी मजबूत किया। आरआर के खिलाफ उन्होंने 4 ओवर में केवल 27 रन दिए और कप्तान रियान पराग का महत्वपूर्ण विकेट भी हासिल किया।

Related Articles

Back to top button