इंटर-कॉर्पोरेट टेनपिन बॉलिंग टूर्नामेंट 3 जून को, 12 टीमें लेंगी हिस्सा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में खेलों के विकास को नई दिशा देने और कॉर्पोरेट सेक्टर की भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम पहल की जा रही है। इस कड़ी में आगामी 3 जून 2026 को लुलु मॉल स्थित फंटूरा बॉलिंग एरिना में ‘इंटर-कॉर्पोरेट टेनपिन बॉलिंग टूर्नामेंट 2026’ का आयोजन किया जाएगा।
एसोचैम उत्तर प्रदेश और उत्तर प्रदेश टेनपिन बॉलिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस एक दिवसीय टूर्नामेंट में यूपी की 12 प्रमुख कॉर्पोरेट टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें प्रत्येक टीम में दो सदस्य होंगे। इस टूर्नामेंट में सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक मुकाबले चलेंगे जिसका उद्देश्य कॉर्पोरेट जगत में टीम भावना, कर्मचारी सहभागिता और फिटनेस को को बढ़ावा देने के साथ टेनपिन बॉलिंग को एक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में लोकप्रिय बनाना भी है।
इस टूर्नामेंट के विजेताओं को नकद पुरस्कार और चैंपियनशिप ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा महिला प्रतिभागियों के लिए विशेष पुरस्कार भी निर्धारित किए गए है जिससे खेल में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहन मिल सके।

एसोचैम उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डीपी सिंह ने कहा कि यह पहल कॉर्पोरेट जगत में स्वास्थ्य, टीम वर्क और नेतृत्व की संस्कृति विकसित करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मंच कार्यबल के स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के साथ-साथ उद्योग के भीतर सहयोग को मजबूत करने में मदद करते हैं।
एसोचैम स्पोर्ट्स कमेटी के चेयरमैन सुधांशु श्रीवास्तव ने इसे खेलों को कॉर्पोरेट संस्कृति का हिस्सा बनाने का एक रणनीतिक प्रयास बताया । उन्होंने कहा कि खेल तनाव प्रबंधन और दीर्घकालिक प्रदर्शन सुधार का प्रभावी माध्यम हैं और इस दिशा में अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
उत्तर प्रदेश टेनपिन बॉलिंग एसोसिएशन के सचिव दिलीप सिंह ने कहा कि कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य प्रदेश में टेनपिन बॉलिंग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और खिलाड़ियों को एक संगठित प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल खेल के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पुरस्कार वितरण के साथ विशेष व्याख्यान और पैनल चर्चा
टूर्नामेंट के बाद शाम को लखनऊ के एक प्रतिष्ठित होटल में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान कॉर्पोरेट वेलनेस और स्ट्रेस मैनेजमेंट विषय पर आयोजित विशेष व्याख्यान को आईईटी कानपुर के पूर्व छात्र और विशेषज्ञ अनिल संबोधित करेंगे। इसके बाद “भारत में खेलों का भविष्य: कॉर्पोरेट साझेदारी की भूमिका” विषय पर पैनल चर्चा आयोजित होगी, जिसमें सरकार, खेल प्रशासन और कॉर्पोरेट जगत की दिग्गज हस्तियां शामिल होंगी।
इस पैनल चर्चा के लिए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (चेयरमैन, उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन), विराज सागर दास (अध्यक्ष उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन), सुहास एलवाई (सचिव, खेल विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार एवं बैडमिंटन में पैरालंपिक पदक विजेता), निधि पुंडीर (उपाध्यक्ष, एचसीएल फाउंडेशन), सत्यम त्रिवेदी (सीईओ, जीएमआर स्पोर्ट्स), मुकेश शर्मा (मालिक, यूपी प्रोमीथियन्स – अल्टीमेट टेबल टेनिस), आशुतोष भल्ला (अध्यक्ष उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन), डीएल मक्कर (चेयरमैन, हांस एक्सपोर्ट), अशोक चतुर्वेदी (संस्थापक व अध्यक्ष, यूफ्लेक्स लिमिटेड) जैसे दिग्गजों के शामिल होने की संभावना है।



