शेफाली वर्मा 100 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली पांचवीं भारतीय महिला बनीं

डरबन (दक्षिण अफ्रिका) :भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। वह कप्तान हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स के बाद 100 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली पांचवीं भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं। शेफाली ने यह मुकाम दक्षिण अफ्रीका के विरूद्ध डरबन के किंग्समीड मैदान पर खेले जा रहे दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान हासिल किया।
भारतीय टीम इस समय दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर है, जहां वह पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेल रही है। पहला मैच जीतकर मेजबान टीम सीरीज में 1-0 से आगे है। दोनों टीमों के बीच रविवार को सीरीज का दूसरा मैच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका महिला टीम ने गेंदबाजी का निर्णय लिया। भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी के लिए आई। टीम की सलामी शेफाली वर्मा जैसे ही मैदान पर कदम रखा, उन्होंने 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने की उपलब्धि हासिल कर ली।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा जारी एक वीडियो में शेफाली ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि यह उनके लिए बेहद खास पल है। उन्होंने कहा कि मैंने क्रिकेट को अपना पूरा बचपन दिया है। जिस समय छोटे बच्चे अपने मम्मी-पापा के साथ खेलते हैं, उस समय मैने अपने आप को पूरी तरह क्रिकेट को समर्पित किया। जब मैं 15 साल की थी, तब मैंने पदार्पण किया था और अब 100वां टी-20 मैच खेलने जा रही हूं, यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। लेकिन मुझे यहां रुकना नहीं है, मुझे लगातार मेहनत करते रहना है और हर दिन बेहतर बनना है।
शेफाली ने याद करते हुए बताया कि उनका अंतरराष्ट्रीय करियर भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ही शुरू हुआ था और आज उसी टीम के खिलाफ वह अपना 100वां टी20 मैच खेल रही हैं। उन्होंने कहा कि मुझे आज भी वह पल याद है जब मैं मैदान पर आई थी और स्मृति दीदी से मैंने अपनी कैप ली थी। वह मेरे जीवन का सबसे खास पल था।”
उन्होंने आगे कहा कि अभी मेरे बहुत सारे लक्ष्य हैं। मुझे 100 पर रुकना नहीं है। मेरा सपना है कि मैं भारत के लिए ज्यादा से ज्यादा आईसीसी ट्रॉफियां जीतूं।
शेफाली वर्मा ने 24 सितंबर, 2019 को सूरत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पदार्पण किया था। तब से 99 टी-20 मैचों में इस बल्लेबाज ने 27.75 के औसत और 135.22 के शानदार स्ट्राइक रेट से 2,553 रन बनाए हैं, जिनमें 14 अर्धशतक शामिल हैं।



