दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता बोली- ‘कांग्रेस को लोकसभा में सिर्फ गांधी परिवार की महिलाओं की जरूरत’

नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन विधेयक का पारित न होना बहुत निराशाजनक है। रेखा गुप्ता ने आरोप लगाया कि विपक्ष महिलाओं के अधिकारों को रोकने और ‘कोटे में कोटा’ जैसे बहानों के जरिए इस विधेयक को पूरी तरह से खारिज कर रहा है।
क्या कहा रेखा गुप्ता ने?
रेखा गुप्ता ने अपने बयान में कहा, “स्वतंत्रता के 78 वर्षों के बाद भी देश की बेटियों को उनके अधिकार नहीं मिले हैं। मैं खुद वर्षों से इस संघर्ष में लगी हूं और लोकसभा व विधानसभा में पहुंचने के लिए संघर्ष कर रही हूं। लड़कियों का कहना है कि ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’, लेकिन अब वे अपनी लड़ाई छोड़कर भाग गईं हैं। लोकतंत्र की जीत हुई है, लेकिन मैं पूछना चाहती हूं कि बेटियों के स्वाभिमान की हार में लोकतंत्र की जीत कैसे हो सकती है?”
विधेयक पर विपक्ष का रवैया
उन्होंने कहा कि “30 वर्षों के संघर्ष के बाद यह उम्मीद थी कि महिलाओं के अधिकार देने वाला यह विधेयक लोकसभा में पारित होगा, लेकिन विपक्ष ने इसे रोक दिया। कोटे में कोटा, परिसमीन के बिना बहाने बनाकर इस विधेयक को रोकने का प्रयास किया गया।” उन्होंने आरोप लगाया कि “वर्ष 2023 के विधेयक की सभी प्रवधान इस बार के विधेयक में थी, फिर विपक्ष ने विरोध क्यों किया? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसमें सबसे बेहतर फॉर्मूला दिया था, जिसमें महिलाओं का उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित होता, और पुरुषों की संख्या भी कम नहीं होती। देश की जनता और महिलाएं सब कुछ देख रही हैं।”
कांग्रेस और विपक्ष पर हमला
रेखा गुप्ता ने कहा, “कांग्रेस ने महिलाओं को सिर्फ वोट बैंक समझा है। मुस्लिम महिलाओं के हितों की बात करने वालों को यह भी समझना चाहिए कि तीन तलाक विरोधी कानून और शाह बानो केस में हुए निर्णय का विपक्ष ने विरोध क्यों किया था? दरअसल, विपक्ष के नेताओं को डर लगता है कि उनकी या उनके परिवार की किसी महिला की सीट पर कोई आम महिला न जीत जाए। प्रियंका वाड्रा गांधी को सिर्फ गांधी परिवार की महिलाएं राजनीति में चाहिए, और समाजवादी पार्टी को भी सिर्फ मुलायम सिंह के परिवार की महिलाओं की ही जरूरत है।”
भाजपा की पहल और महिलाओं का समर्थन
रेखा गुप्ता ने कहा, “कांग्रेस देशहित में काम नहीं करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभी योजनाओं का केंद्र महिलाएं हैं। यही कारण है कि महिलाओं का स्नेह व आशीर्वाद प्रधानमंत्री पर बढ़ रहा है। महिलाएं अपनी लड़ाई लड़कर अपना स्थान बनाएंगी, और इस लड़ाई में उनका साथ प्रधानमंत्री मोदी दे रहे हैं।”
विधायक शिखा राय ने कहा, “भाजपा महिला नेतृत्व को आगे बढ़ा रही है, और इसका उदाहरण दिल्ली में रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनाना है। कांग्रेस और अन्य विरोधी पार्टियां महिलाओं को उनके अधिकार से वंचित कर रही हैं।”



