Trending

बंगाल चुनाव 2026 : झारग्राम में पीएम मोदी की हुंकार- न पढ़ाई, न कमाई, न दवाई; अब TMC की विदाई तय

झारग्राम : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान से ठीक पहले चुनावी रण पूरी तरह गर्मा गया है। रविवार को जंगलमहल के आदिवासी बहुल इलाके झारग्राम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी सरकार पर सीधा और तीखा प्रहार किया। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने बंगाल की पहचान को खतरे में डाल दिया है और अब राज्य की जनता ने ‘परिवर्तन’ का मन बना लिया है।

 

‘न पढ़ाई, न कमाई, न दवाई’ टीएमसी पर चौतरफा हमला

प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य की बदहाल व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि ममता दीदी के राज में बंगाल ‘न पढ़ाई, न कमाई और न दवाई’ का केंद्र बन गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं के पास रोजगार नहीं है, शिक्षा व्यवस्था भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है और अस्पतालों में गरीबों के लिए दवाइयां नहीं हैं। पीएम मोदी ने गरजते हुए कहा, “टीएमसी ने बंगाल को सिंडिकेट राज के हवाले कर दिया है, अब इस भ्रष्ट सरकार को जाना ही होगा।”

 

महिला आरक्षण पर टीएमसी की ‘घेराबंदी’

पीएम मोदी ने संसद में महिला आरक्षण बिल (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) का जिक्र करते हुए टीएमसी को महिला विरोधी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी ने संसद में इस बिल का विरोध करने के लिए धोखाधड़ी और चालबाजी का सहारा लिया ताकि बंगाल की 33 प्रतिशत महिलाएं विधायक और सांसद न बन सकें। पीएम ने कहा कि 2029 से महिलाओं को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा, लेकिन टीएमसी ने इसे रोकने की हर मुमकिन कोशिश की।

किसानों और पिछड़ों के लिए ‘मोदी की गारंटी’

पीएम मोदी ने झारग्राम की आदिवासी जातियों (बिरहोर, टोटो और लोधा) का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र की ‘PM जनमन योजना’ को ममता सरकार ने बंगाल में लागू नहीं होने दिया। उन्होंने किसानों के लिए बड़े वादे करते हुए कहा:

 

धान का MSP: भाजपा सरकार आने पर धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 3,100 रुपये प्रति क्विंटल तय किया जाएगा।

किसान सम्मान निधि: सालाना 6,000 रुपये की राशि को बढ़ाकर 9,000 रुपये किया जाएगा।

सिंडिकेट से मुक्ति: आलू और धान किसानों का शोषण रोकने के लिए टीएमसी के सिंडिकेट राज को खत्म किया जाएगा।

‘पीएम सूर्य घर’ योजना: अब बिजली बिल से मिलेगी मुक्ति

बिजली की समस्या और बढ़ते बिलों पर प्रहार करते हुए पीएम मोदी ने ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ का मंत्र दिया। उन्होंने कहा, “दिल्ली में आपने मोदी को पीएम बनाया है, अब बंगाल में भाजपा का सीएम बनाइए। मैं गारंटी देता हूं कि पर्याप्त बिजली भी आएगी और आपका बिजली का बिल भी जीरो होगा।” उन्होंने कहा कि केंद्र की इस योजना से हर घर को सोलर पैनल के जरिए मुफ्त बिजली मिलेगी और लोग बिजली बेचकर कमाई भी कर सकेंगे।

 

बंगाल की पहचान बचाने का चुनाव

पीएम मोदी ने झारग्राम की रैली में घुसपैठ के मुद्दे को भी हवा दी। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी घुसपैठियों के लिए और घुसपैठियों की सरकार बनाना चाहती है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि यह चुनाव केवल सत्ता बदलने का नहीं, बल्कि बंगाल की समृद्ध विरासत और अस्मिता को बचाने का चुनाव है।

Related Articles

Back to top button