Trending

फीफा रैंकिंग : पहली बार टॉप-100 में पहुंची भारतीय फुटबॉल टीम

नई दिल्ली : भारतीय टीम फीफा की तरफ से जारी ताजा रैंकिंग में टॉप-100 में शामिल हो गई है। भारतीय टीम की इससे पहले रैकिंग 101 थी। वह पांच वर्ष में पहली बार टॉप-100 में शामिल होने में कामयाब रही है। भारतीय टीम को भुवनेश्वर में हुए इंटरकॉन्टिनेटल कप जीतने का फायदा मिला। उसने इस टूर्नामेंट के फाइनल में लेबनान को 2-0 से हराया था।

भारतीय टीम 15 मार्च 2018 को 99वें स्थान पर थी। उसके बाद से टीम इंडिया के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी देखने को मिली। इसका खामियाजा यह हुआ कि टीम की रैंकिंग नीचे गिरती चली गई। जब से क्रोएशिया के इगोर स्टिमैक टीम इंडिया के कोच बने हैं तब से टीम के प्रदर्शन में सुधार देखने को मिला है। अब वह टॉप-100 में भी शामिल हो गई है।

इंटरकॉन्टिनेटल कप के फाइनल में मिली हार के कारण लेबनान को तीन स्थान का नुकसान हुआ और और उसकी रैकिंग 99 से 102 की हुई। भारत की अभी तक की सर्वश्रेष्ठ फीफा रैंकिंग 94 रही है। भारतीय टीम इस वक्त सैफ चैंपियनशिप में खेल रही है, जहां उसे शनिवार को लेबनान के खिलाफ सेमीफाइनल खेलना है।

विश्व विजेता अर्जेंटीना टीम पहले पायदान पर है। उसने लियोनल मेसी की कप्तानी में पिछले साल के अंत में विश्व कप जीता था। फ्रांस दूसरे, ब्राजील तीसरे, इंग्लैंड चौथे और बेल्जियम पांचवें स्थान पर है। क्रोएशिया छठे, नीदरलैंड सातवें, यूरो चैंपियन इटली आठवें, क्रिस्टियानो रोनाल्डो की टीम पुर्तगाल नौवें और स्पेन 10वें पायदान पर है। अमेरिका टीम को दो स्थान का फायदा हुआ है। वह 13वें से अब 11वें नंबर पर आ गई है।

एशियाई टीमों की बात करें तो जापान सबसे आगे 10वें स्थान पर है। इस मामले में भारतीय टीम 18वें क्रम पर है। पाकिस्तान की बात करें तो वह 201वें स्थान पर है। एशियाई टीमों में वह 44वें स्थान पर है।

Related Articles

Back to top button