घर से भागी ‘बेटी’ को दर-दर ढूंढा… लव मैरिज के बाद कोर्ट में ‘बाप’ को पहचानने से मना कर दिया, गुस्से में पिता ने जिंदा बेटी का कर दिया श्राद्ध; पूरा गांव हुआ शामिल

Bihar : बिहार के कटिहार जिले में एक बेहद भावुक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी जिंदा बेटी का प्रतीकात्मक श्राद्ध कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण इस अनोखी रस्म में शामिल हुए।
यह मामला कोढ़ा प्रखंड के चंदवा पंचायत स्थित खुदना गांव का है। गांव निवासी मुनचुन पासवान की बेटी कुछ समय पहले अपने प्रेमी के साथ घर से भागकर लव मैरिज कर चुकी थी। इसके बाद परिवार ने रौतारा थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस द्वारा बरामद किए जाने के बाद लड़की को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसने अपने माता-पिता को पहचानने से इनकार कर दिया। इस घटना से परिवार गहरे आघात में चला गया और उन्होंने बेटी से सभी संबंध खत्म करने का निर्णय ले लिया।
परिजनों ने इसके बाद कुश से प्रतीकात्मक पुतला तैयार किया और उसे अर्थी पर रखकर पूरे गांव में अंतिम यात्रा निकाली। शमशान घाट पर हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार उसका प्रतीकात्मक दाह संस्कार भी किया गया।
इस दौरान पिता मुनचुन पासवान, दादा राम प्रकाश पासवान सहित पूरा परिवार भावुक होकर रोता नजर आया। गांव के सैकड़ों लोग इस अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
कुछ ग्रामीणों ने परिवार के दर्द को समझते हुए समर्थन जताया, जबकि कई लोग इस घटना को लेकर हैरान भी दिखे। पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।



