सिंगापुर ओपन : वर्ल्ड नंबर-1 जोड़ी ढेर, सात्विक-चिराग तहलके के साथ फाइनल में
सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल जोड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए सिंगापुर ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई।
सात्विक-चिराग ने सेमीफाइनल में कोरिया के किम वोन हो और सियो सेउंग जे की दुनिया की नंबर एक जोड़ी को एकतरफा अंदाज में सीधे गेम में हराया। भारत की चौथी वरीय जोड़ी ने 52 मिनट चले सेमीफाइनल में मौजूदा विश्व चैंपियन जोड़ी हो और जे को 21-19, 21-18 से हराया।
भारत और कोरिया की जोड़ियों के बीच हुआ पुरुष युगल सेमीफाइनल काफी कड़ा रहा। पहले गेम के ब्रेक तक कोरियाई खिलाड़ी 13-11 से मामूली बढ़त बनाए हुए थे। सात्विक और चिराग ने हार नहीं मानी और अहम अंक हासिल करते हुए शानदार वापसी की और पहला गेम जीता।

दूसरे गेम में भी सात्विक और चिराग के लिए राह आसान नहीं थी जिसमें वे 11-14 से पीछे थे। लेकिन भारतीय जोड़ी ने संयम बनाए रखा और पिछड़ने के बावजूद वापसी करते हुए कोरियाई जोड़ी को हराकर उलटफेर कर दिया।
अब रविवार को होने वाले फाइनल में भारतीय जोड़ी का सामना इंडोनेशिया के फजर अल्फियान और मुहम्मद शोहिबुल फिक्री की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी तथा चीन के लियांग वेई कांग और चांग वांग की पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।
मिश्रित युगल स्पर्धा में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी का सफर सेमीफाइनल में खत्म हो गया। उन्हें जापान के युइची शिमोगामी और सायाका होबारा की जोड़ी के हाथों 16-21, 21-17, 13-21 से हार का सामना करना पड़ा।



