सैफ चैंपियनशिप : भारत की जीत में हीरो रहे कप्तान सुनील छेत्री
बेंगलुरु : बेंगलुरु के श्रीकांतीरावा स्टेडियम में सैफ चैंपियनशिप में भारतीय फुटबॉल टीम ने जीत के साथ आगाज किया है। भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 4-0 से हराया। भारत के लिए इस मैच के हीरो कप्तान सुनील छेत्री रहे। उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान पर गोलों की बारिश की।
पाकिस्तान टीम को बेंगलुरु की परिस्थितियों से तालमेल बिठाने का अवसर भले ही नहीं मिला, खेल के चौथे ही मिनट में उसे गोल करने का मौका मिला। ईसा सुलेमान का हेडर गोल पोस्ट से बाहर निकल गया।
भारतीय टीम ने अपना दबदबा बनाते हुए खेल के 10वें मिनट में पहला गोल किया। यह गोल पाकिस्तान के गोलकीपर साकिब हनीफ ने उपहार स्वरूप भारत को प्रदान किया।
हनीफ बॉक्स के अंदर से ही गेंद से ड्रिबिल कर रहे थे। सुनील छेत्री ने आगे आकर उनसे गेंद छीन ली और खाली गोल में गेंद डाल दी। छह मिनट बाद थापा का गोल पर निशाना साधा और गेंद पाकिस्तानी रक्षक के हाथ से लग गई। रेफरी ने इस पर पेनाल्टी दे दी। छेत्री ने यहां गोल कर बढ़त 2-0 की।

छेत्री ने हैट्रिक गोल दागा। उनके अलावा उदांता सिंह ने एक गोल किया। भारतीय टीम ने शुरू से ही पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा। पहले हाफ में ही दो गोल किए। भारतीय कप्तान सुनील छेत्री ने 10वें मिनट में पहला गोल किया। उन्होंने 16वें मिनट में दूसरा गोल पेनल्टी पर किया।
हाफटाइम तक स्कोर भारत के पक्ष में 2-0 रहा। टीम इंडिया इतने पर नहीं रुकी। उसने दूसरे हाफ में शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और पाकिस्तानी प्लेयर्स को छकाया। 74वें मिनट में छेत्री ने पेनल्टी को नहीं गंवाया। उन्होंने एक और गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की। छेत्री के बाद उदांता सिंह ने 81वें मिनट में गोल कर स्कोर 4-0 किया।
सैफ चैंपियनशिप के 14वें संस्करण में हिस्सा ले रहीं आठ टीम को दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप A में भारत के साथ कुवैत, नेपाल और पाकिस्तान की टीम भी है। ग्रुप B में लेबनान, मालदीव, भूटान और बांग्लादेश है।
सुनील छेत्री के नेतृत्व वाली भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में फीफा की अच्छी रैंक वाली टीम है। फीफा रैंकिंग में टीम इंडिया 101वें स्थान पर है। इस टूर्नामेंट में खेल रही टीमों में खराब रैंकिंग पाकिस्तान की है। पाकिस्तान फीफा रैंकिंग में 195वें स्थान पर है।
मैच में पाकिस्तानी खिलाड़ी दबाव का सामना नहीं कर पा रहे थे, इसी बीच वह अपना आपा खो बैठे और भारतीय कोच इगोर स्टिमैक से बहस करने लगे। दरअसल, भारतीय कोच के पास जब गेंद गई तो वह उसे पाकिस्तानी खिलाड़ी से दूर कर रहे थे।
पाकिस्तान के अब्दुल्ला इकबाल आपा खो बैठे और स्टिमैक से बहस करने लगे।
देखते-देखते कई पाकिस्तानी प्लेयर्स ने स्टिमैक को घेर लिया। खिलाड़ियों के पाकिस्तान के मुख्य कोच शहजाद अनवर भी भारतीय कोच से बहस करने लगे। रेफरी ने कड़ा फैसले लेते हुए भारतीय कोच स्टिमैक को रेड कार्ड दिखाया और उन्हें मैच से बाहर कर दिया। स्टिमैक पाकिस्तानी टीम को थ्रो देने के फैसले से निराश था। उन्हें लगा कि राइट बैक प्रीतम कोटाल फाउल हुए थे।
स्टिमैक के साथ-साथ पाकिस्तान कोच को दंडित किया गया। उन्हें यलो कार्ड दिखाया गया। यह उनके लिए आखिरी चेतावनी थी। भारत से होने वाले मैच से छह घंटे पहले पूरी पाकिस्तान की टीम बंगलूरू पहुंच सकी। 32 सदस्यीय पाकिस्तान टीम को मॉरीशस से मुंबई होते हुए बेंगलुरु आना था, टिकटों की अनुपलब्धता के चलते टीम को अलग-अलग बैच में आना पड़ा।
पहला बैच बुधवार को तड़के चार बजे मुंबई से बेंगलुरु के लिए रवाना हुआ, सवा नौ बजे दूसरा बैच ने फ्लाइट पकड़ी। दूसरा बैच मैच से तकरीबन छह घंटे पहले दोपहर एक बजे टीम होटल पहुंचा। आयोजकों ने साफ कर दिया कि मैच को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा और यह समय पर होगा।
कुवैत ने सैफ चैंपियनशिप के उद्घाटन मैच में नेपाल को 3-1 से हराया। इस चैंपियनशिप में पहली बार खेल रही कुवैत के लिए 23वें मिनट में पहला गोल कप्तान खालिद हाजिआह ने किया।
42वें मिनट में शबायब अलखालदी ने कुवैत की बढ़त को 2-0 कर दिया। 65 वें मिनट में रोहित चंद ने बॉक्स के अंदर गेंद को हाथ से छू दिया। रेफरी ने कुवैत को पेनाल्टी दी, जिस पर मोहम्मद अब्दुल्ला ने गोल किया। चार मिनट बाद नेपाल के अंजन बिष्ट ने गोल कर स्कोर 3-1 किया।



