Trending

अमेरिकी नेशनल कॉलेजिएट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए मुदित दानी

नई दिल्ली : अमेरिका के नेशनल कॉलेजिएट टेबल टेनिस एसोसिएशन (एनसीटीटीए) ने मुंबई के टेबल टेनिस खिलाड़ी मुदित दानी को वर्ष का खिलाड़ी चुना है। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वो पहले भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी हैं। जूनियर वर्ग में विश्व नंबर छह की वरीयता रख चुके 24 साल के मुदित के कोच पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और टेबल टेनिस एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव कमलेश मेहता हैं। उन्हें यह पुरस्कार 2022-23 में उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मिला है।

मुदित ने यह उपलब्धि हासिल करने के बाद बोला कि एनसीटीटीए वर्ष का पुरुष खिलाड़ी बनना अविश्वसनीय है। यह पुरस्कार हासिल करने वाला पहला भारतीय बनना और भी हर्ष का विषय है। मुदित बोलते हैं कि किसी भी स्तर पर भारत का प्रतिनिधत्व करना उनके लिए हमेशा संतोषजनक होता है।

एनसीटीटीए अमेरिकी टेबल टेनिस का सदस्य है और यह पुरस्कार सत्र के अंत में अमेरिका और कनाडा के विश्वविद्यालय में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मिलता है। मुदित ने हाल ही में न्यूयार्क विश्वविद्याल के स्टर्न स्कूल ऑफ बिजनेस से अपनी मास्टर्स पूरी की है।

उन्होंने अपनी टीम को लगातार दूसरी बार खिताब जिताने की राह में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। मुदित का 2022-23 में प्रदर्शन 11-0 रहा। आठ साल की आयु में टेबल टेनिस शुरू करने वाले मुदित अल सल्वाडोर में अंतरराष्ट्रीय कैडेट टूर्नामेंट का खिताब भी जीत चुके हैं।

Related Articles

Back to top button