अभिषेक-नीलाकांता चमके, भारत ने रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को हराया
एक गोल से पिछड़ने के बाद बेहतरीन वापसी करते हुए भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर 4.3 से जीत के साथ एफआईएच प्रो लीग लंदन चरण का आगाज किया हालांकि आखिरी क्वार्टर में दो गोल नहीं गंवाये होते तो जीत का अंतर बेहतर होता।
प्रो लीग की तालिका में आखिरी स्थान पर काबिज पाकिस्तान ने आठवें मिनट में ही नदीम अहमद के गोल के दम पर बढत बनाई। भारत से दूसरे क्वार्टर में 22वें मिनट में अभिषेक ने बराबरी का गोल किया और 24वें मिनट में नीलाकांता शर्मा ने गोल करके बढत दिलाई। हाफटाइम तक भारत 2.1 से आगे था। तीसरे क्वार्टर में सुखजीत सिंह ने 40वें मिनट में गोल करके बढत 3.1 की कर दी।
चौथे क्वार्टर में 52वें मिनट में राजिंदर सिंह ने भारत के लिये चौथा गोल किया तो बड़े अंतर से जीत तय लग रही थी। लेकिन आखिरी क्षणों में गोल गंवाने और डिफेंस के चरमराने की कमजोरी फिर उजागर हुई और पाकिस्तान के लिये महमूद अबू (53वां मिनट) और शकील मोईन (60वां) ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत की जीत का अंतर कम कर दिया।

भारत और पाकिस्तान 2024 में चीन के हुलुनबुइर में हुए एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी मुकाबले के बाद पहली बार एक-दूसरे के सामने थे और भारत ने जीत का सिलसिला कायम रखा।
कोच क्रेग फुल्टन को हालांकि आखिरी मिनटों में गोल गंवाने की कमजोरी से पार पाने के लिये मेहनत करनी होगी चूंकि भारत को इस साल विश्व कप और एशियाई खेल जैसे बड़े टूर्नामेंट खेलने हैं। नीदरलैंड और बेल्जियम में अगस्त में होने वाले विश्व कप में पाकिस्तान भारत के ही पूल में है।
इससे पहले भारत ने रोटरडम चरण में चार में से दो मैच जीते। हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम ने रोटरडम चरण के आखिरी मैच में मेजबान और दुनिया की दूसरे नंबर की टीम नीदरलैंड को 3-2 से हराया। भारत को दूसरी जीत (3-1) मौजूदा विश्व चैंपियन और दुनिया की पांचवें नंबर की टीम जर्मनी के खिलाफ मिली। अन्य दो मैच में भारत को नीदरलैंड के खिलाफ 2-3 जबकि जर्मनी के खिलाफ 1-2 से हार मिली।



