इंडोनेशिया ओपन : सात्विक-चिराग व प्रणय ने सेमीफाइनल में बनाई जगह
नई दिल्ली : इंडोनेशियाई फजर अलफियान और मोहम्मद रियान अरादियांतो को मात देकर भारत की सात्विक साईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने इंडोनेशिया ओपन विश्व टूर सुपर 1000 बैडमिंटन के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। पुरुष एकल में भारत के एच एस प्रणय ने जापान के कोदई नोराका को 21-18, 21-6 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया।
प्रणय का मैच डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसन और चीनी ताइपे के टिन चिन चोऊ के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगी।
सातवीं वरीयता के सात्विक और चिराग ने इंडोनेशियाई जोड़ी को 41 मिनट में 21-13, 21-13 से हराया।
भारतीय जोड़ी की टक्कर कोरिया के मिन हयूक कैंग और सियंग जेई सियो और इंडोनेशिया के लियो रोली कैरनेंडो और डेनियल मार्थिन के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगी।
विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता किदांबी श्रीकांत को क्वार्टर फाइनल में चीन के ली शी फेंग से एक घंटे और नौ मिनट तक चले मैच में 14-21, 21-14 , 12-21 से हारे। फेंग ने श्रीकांत से मिली पिछली हार का बदला भी चुकता किया।

दोनों प्लेयर्स के बीच दो मैचों में दोनों ने एक-एक जीत हासिल की। विश्व रैंकिंग में 22वें स्थान पर काबिज श्रीकांत और फेंग दोनों इस स्पर्धा में गैरवरीय है। श्रीकांत ने शुरुआती सेट में 2-0 की बढ़त ली, इसके बाद उन्हें लगातार कई गलतियां करने का खामियाजा भुगतना पड़ा।
चीन के खिलाड़ी ने पहले गेम में ब्रेक के समय 11-7 की बढ़त ली। फेंग ने अपनी बढ़त जारी रखी और पहला गेम आसानी से जीता। दूसरे गेम के आगाज में दोनों प्लेयर्स के बीच बराबरी का मैच दिखा, श्रीकांत जल्द ही अपने पुराना लय हासिल करके ब्रेक तक 11-6 की बढत ली। उन्होंने आक्रामक खेल जारी रखते हुए यह गेम जीता।
तीसरे गेम में इस लय को बरकरार नहीं रख सके और फेंग ने 11-6 की बढ़त ली। ब्रेक के दौरान चीन के खिलाड़ी को चिकित्सा मदद की जरूरत पड़ी। इसके बाद बाएं पैर में पट्टी के साथ कोर्ट में उतरे लेकिन उनके खेल में कोई कमी नहीं आई। फेंग ने तीसरा गेम 21-12 के बड़े अंतर से जीत कर सेमीफाइनल में जगह बना ली।



