हरिद्वार हाईवे पर भीषण टक्कर: ई-रिक्शा और बाइक भिड़े, दोनों चालक गंभीर घायल

हरिद्वार : हरिद्वार के बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर स्थित साईं मंदिर के सामने रविवार देर रात ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। घायलों की पहचान ई-रिक्शा चालक राहुल और मोटरसाइकिल सवार शुभम, निवासी रावली महदूद, के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। क्षेत्राधिकारी (सीओ) संजय चौहान ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किस परिस्थिति में हुआ।



