Trending

महाराष्ट्र को पीएम आरकेवीवाई के तहत 335 करोड़ रुपए की मंजूरी, शिवराज सिंह ने की घोषणा

भोपाल ( इंडियन व्यू टीम) : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाराष्ट्र के किसानों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (पीएम आरकेवीवाई) के तहत 335 करोड़ रुपए की मदर सैंक्शन जारी की है। इस दौरान उन्होंने महाराष्ट्र सरकार के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक में विभिन्न कृषि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए किसानों के हित में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और सख्त मॉनिटरिंग पर जोर दिया।

पीएम आरकेवीवाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर महाराष्ट्र की सराहना

वर्चुअल बैठक में महाराष्ट्र के कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे, केंद्रीय कृषि सचिव और केंद्र एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। समीक्षा के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महाराष्ट्र ने पीएम आरकेवीवाई के तहत 75% से अधिक राशि और कई घटकों में 80% से ज्यादा राशि का समय पर उपयोग किया है, जो सराहनीय उपलब्धि है।

बागवानी मिशन में भी बेहतर प्रदर्शन

केंद्रीय मंत्री ने मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर (एमआईडीएच) के तहत लगभग 81.73% व्यय को उत्कृष्ट बताते हुए राज्य सरकार की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण महाराष्ट्र अग्रणी राज्यों में शामिल हुआ है।

डिजिटल एग्रीकल्चर में तेजी लाने के निर्देश

बैठक के दौरान डिजिटल एग्रीकल्चर सहित कुछ योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर चिंता जताई गई। शिवराज सिंह चौहान ने इन क्षेत्रों में खर्च बढ़ाने और लंबित राशि का शीघ्र उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल कृषि भविष्य की जरूरत है और इसमें तेजी लाना आवश्यक है।

किसानों के हित में हर रुपए का प्रभावी उपयोग हो

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य केवल राज्यों को धनराशि उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक रुपए का उपयोग किसानों के कल्याण और कृषि विकास के लिए निर्धारित उद्देश्यों के अनुरूप हो। उन्होंने राज्यों से योजनाओं की निरंतर मॉनिटरिंग और प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।

महाराष्ट्र को मॉडल राज्य बनने की उम्मीद

शिवराज सिंह चौहान ने विश्वास जताया कि महाराष्ट्र डिजिटल एग्रीकल्चर सहित शेष योजनाओं में भी तेजी लाएगा और कृषि क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए देश के लिए एक मॉडल राज्य के रूप में उभरेगा।

Related Articles

Back to top button