Trending

श्रेयस अय्यर ने बल्ले से दिया जवाब, अब कप्तानी की असली परीक्षा बाकी

श्रेयस अय्यर लंबे समय के बाद भारतीय टी20 टीम में लौटे हैं और सीधे कप्तानी भी कर रहे हैं। आयरलैंड जैसी कमजोर टीम के खिलाफ भी उनकी टीम को हार मिली। उनका बल्ला भी उस सीरीज में नहीं चला।

ऐसे में उनसे उम्मीदें थीं कि वह इंग्लैंड में रन बनाएंगे और उन्होंने ऐसा कर भी दिया। इंग्लैंड के खिलाफ पहले ही मैच में कमाल की पारी खेलकर उन्होंने बल्लेबाजी की परीक्षा तो थोड़े बहुत नंबरों से पास कर ली है, लेकिन अभी कप्तानी के इम्तिहान में उनके अच्छे नंबर आने बाकी हैं।

आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच में 3 रन बनाने वाले श्रेयस अय्यर दूसरे मैच में 10 रन बना सके थे। श्रेयस की बल्लेबाजी पहले दो मैचों में खराब रही थी, जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा था।

साभार : गूगल

इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच में 68 रनों की पारी उन्होंने खेली। इस पारी की अहमियत इसलिए भी ज्यादा रही, क्योंकि 6 रन पर दो विकेट भारत ने गंवा दिए थे। इसके बाद उन्हें तीसरे ही ओवर में बल्लेबाजी के लिए आना पड़ा था। इस पारी से उन्होंने बल्लेबाजी की परीक्षा को काफी हद तक पास कर लिया है।

श्रेयस अय्यर को एक ऐसी टीम दी गई है, जिसने मार्च में टी20 विश्व कप जीता था। इसके बाद सूर्यकुमार यादव को हटाकर श्रेयस को सीधे कप्तान बनाया गया, जो काफी समय से टीम का हिस्सा नहीं थे। आयरलैंड दौरे से उन्होंने कप्तानी की शुरुआत की।

पहले मैच में उनकी कप्तानी में टीम बुरी तरह हारी। उस समय लगा कि भारत का दिन खराब था, लेकिन जब अगले मैच में टीम हारी तो उनकी कप्तानी पर भी सवाल उठ गए कि कोई सीरीज कैसे हार सकता है, वह भी आयरलैंड के सामने। आयरलैंड के खिलाफ पहले भारतीय टीम न तो कभी टी20 इंटरनेशनल मैच हारी थी और सीरीज तो दूर की कौड़ी थी।

हालांकि, ये शर्मनाक हार भारत ने झेली और अब इंग्लैंड में पहले मैच में जब वे कप्तानी के लिए उतरे तो उन्होंने कप्तानी पारी जरूर खेली, लेकिन कप्तानी मैदान पर नहीं कर सके, क्योंकि दूसरी पारी बारिश के कारण शुरू नहीं हुई। इस मैच में 3 स्पिनर भारत ने खिलाए थे, जो कि इंग्लैंड में शायद कोई टीम नहीं खिलाते। इस पर भी प्रश्नचिह्न था, जो बारिश की वजह से उजागर नहीं हुआ। ऐसे में इस पूरी सीरीज में उनकी कप्तानी का इम्तिहान होगा।

Related Articles

Back to top button