डिजिटल इंडिया के 11 वर्ष पूरे, प्रधानमंत्री मोदी ने गिनाईं पहल की उपलब्धियां

नई दिल्ली (राघवेंद्र प्रताप सिंह) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डिजिटल इंडिया पहल के 11 वर्ष पूरे होने पर इसे शासन व्यवस्था, सार्वजनिक सेवा वितरण और नागरिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में परिवर्तनकारी पहल बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया ने शासन को अधिक पारदर्शी, कुशल और नागरिक-केंद्रित बनाया है तथा विकसित भारत की मजबूत आधारशिला तैयार की है।
डिजिटल तकनीक बनी ‘जीवन की सुगमता’ का माध्यम
प्रधानमंत्री ने कहा कि डिजिटल इंडिया ने जीवन के हर क्षेत्र को प्रभावित किया है। निर्बाध डिजिटल भुगतान, पारदर्शी प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) और डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना के विस्तार ने प्रौद्योगिकी को ‘जीवन की सुगमता’ बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बना दिया है। उन्होंने कहा कि एक अरब से अधिक भारतीयों द्वारा प्रौद्योगिकी को अपनाने से देश में व्यापक बदलाव आया है।
गांवों तक पहुंची नवाचार की लहर
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि डिजिटल इंडिया ने नवाचार की संस्कृति को देश के हर हिस्से, विशेष रूप से गांवों तथा दूसरे और तीसरे स्तर के शहरों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि देशभर के युवा उद्यमी, स्टार्टअप और नवप्रवर्तक दुनिया की गंभीर चुनौतियों के समाधान विकसित कर रहे हैं। इस पहल ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, वाणिज्य और सार्वजनिक सेवा वितरण जैसे क्षेत्रों को मजबूत किया है, जिससे शासन अधिक सुलभ, पारदर्शी और प्रभावी बना है।
एआई, सेमीकंडक्टर और क्वांटम तकनीक में बढ़ रहा भारत
प्रधानमंत्री ने कहा कि डिजिटल क्षेत्र में भारत की प्रगति से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), सेमीकंडक्टर, क्वांटम कंप्यूटिंग और अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों में तेजी से विकास हो रहा है। इससे विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा भारत वैश्विक तकनीकी नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ेगा।
प्रौद्योगिकी से मानवता की सेवा का लक्ष्य
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार ऐसे भविष्य के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, जहां प्रौद्योगिकी मानवता की सेवा करे, प्रत्येक नागरिक को सशक्त बनाए और सतत विकास को गति प्रदान करे। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया आने वाले वर्षों में विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।



