ग्रीस में शुरू हुई UPI सेवा, भारत के डिजिटल भुगतान नेटवर्क का वैश्विक विस्तार तेज

नई दिल्ली (राघवेंद्र प्रताप सिंह) : भारत की डिजिटल भुगतान प्रणाली यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) ने वैश्विक स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को बताया कि ग्रीस में अब UPI सेवा शुरू हो गई है, जिससे पात्र ग्राहक तेज, सुरक्षित और सहज तरीके से डिजिटल भुगतान और धन हस्तांतरण कर सकेंगे।
पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि UPI की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता और लोकप्रियता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन का प्रमाण है, जिसके तहत तकनीक आधारित समाधान विकसित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे सीमाओं के पार आर्थिक साझेदारी मजबूत हो रही है और साझा विकास को नई गति मिल रही है।
एथेंस में UPI सेवा का प्रदर्शन :
ग्रीस दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने एथेंस स्थित यूरोबैंक मुख्यालय में यूरोबैंक और एनआईपीएल (NPCI International Payments Limited) के बीच साझेदारी के तहत शुरू हुई UPI सेवा का लाइव प्रदर्शन देखा।
इस दौरान यूरोबैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) फोकियन करावियास और फेयरफैक्स डिजिटल सर्विसेज के CEO संजय तुगनैत भी मौजूद रहे। इस साझेदारी को भारत के डिजिटल भुगतान नेटवर्क के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
ग्रीस में निवेश के लिए किया आमंत्रित :
पीयूष गोयल ने यूरोबैंक के CEO फोकियन करावियास से मुलाकात कर भारत-ग्रीस आर्थिक संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की। उन्होंने ग्रीक उद्योगों और निवेशकों को भारत में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया तथा ग्रीस में विनिर्माण और बुनियादी ढांचा विकास के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया।
भारत-ग्रीस बिजनेस फोरम को किया संबोधित :
अपने दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने ग्रीस के उप विदेश मंत्री हैरी थियोहारिस के साथ भारत-ग्रीस बिजनेस फोरम को भी संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी बातचीत की।
पीयूष गोयल ने भारत की मजबूत आर्थिक स्थिति, तेज विकास दर और व्यापक निवेश अवसरों को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत ग्रीस सहित वैश्विक निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बन चुका है।उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ (EU) मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग के नए अवसर खुलेंगे।
कई क्षेत्रों में सहयोग की अपार संभावनाएं :
केंद्रीय मंत्री ने विनिर्माण, बुनियादी ढांचा, निवेश और व्यापार सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत और ग्रीस के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने दोनों देशों के उद्योग जगत से भारत के साथ सह-निर्माण (Co-manufacturing), सह-निवेश (Co-investment) और संयुक्त विकास (Co-creation) की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।



