Trending

यूपीसीए स्पीड हंट का अगला पड़ाव कानपुर, 1700 से अधिक खिलाड़ी देंगे ट्रायल

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा यूपीसीए स्पीड हंट का आयोजन किया जा रहा है। यह एक विशेष प्रतिभा खोज अभियान है, जिसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश के उभरते हुए तेज़ गेंदबाज़ों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है।

इस अभियान के तहत पूरे प्रदेश से 35 प्रतिभाशाली फास्ट बॉलर्स का चयन किया जाएगा। नि:शुल्क पंजीकरण के लिए खिलाड़ियों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है।

यह पहल बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला की सोच को आगे बढ़ाते हुए शुरू की गई है। इसका उद्देश्य लड़कों और लड़कियों, दोनों वर्गों में तेज़ गेंदबाज़ों की मजबूत नई पीढ़ी तैयार करना और प्रदेश के हर क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देना है।

साभार : गूगल

पंजीकरण के आधार पर ट्रायल के लिए 7 केंद्र तय किए गए हैं—गाजीपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, आगरा और मेरठ। यह कार्यक्रम 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के लड़के और लड़कियों के लिए है।

ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों का मूल्यांकन एक व्यवस्थित और पेशेवर प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को आगे यूपीसीए के माध्यम से प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि वे उत्तर प्रदेश और भारतीय क्रिकेट में अपना भविष्य बना सकें।

गाजीपुर, प्रयागराज, गोरखपुर और लखनऊ में ट्रायल सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। अब इस अभियान का अगला चरण 1 और 2 जुलाई को कमला क्लब, कानपुर में आयोजित होगा। इस केंद्र पर 12 जिलों—ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, रायबरेली, कानपुर नगर, औरैया, झांसी, बांदा, फतेहपुर, जालौन, कानपुर देहात और कन्नौज से 1,700 से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है।

ट्रायल प्रतिदिन दो स्लॉट में आयोजित किए जाएंगे, ताकि सभी खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जा सके। यूपीसीए स्पीड हंट की खास बात यह है कि इसमें आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। खिलाड़ियों की गेंदबाज़ी की गति रडार गन से मापी जा रही है, जबकि प्रदर्शन के मूल्यांकन के लिए AI आधारित तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

पूरी चयन प्रक्रिया अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आयोजित की जा रही है। यूपीसीए जमीनी स्तर पर क्रिकेट को मजबूत करने और प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Related Articles

Back to top button