Trending

बेल्जियम दौरे के लिए भारतीय जूनियर हॉकी टीम घोषित, अनमोल एक्का कप्तान

हॉकी इंडिया ने 5 से 18 जुलाई तक होने वाले बेल्जियम एक्सपोज़र टूर के लिए मंगलवार को 22 सदस्यीय भारतीय जूनियर (अंडर-21) पुरुष हॉकी टीम की घोषणा कर दी है।

यह दौरा नए मुख्य कोच फ्रेडरिक सोयेज़ के मार्गदर्शन में टीम का पहला अंतरराष्ट्रीय असाइनमेंट होगा और इस साल होने वाले एफआईएच जूनियर पुरुष एशिया कप की तैयारियों का अहम हिस्सा माना जा रहा है। भारतीय टीम इस दौरे में यूरोप की मजबूत टीमों के खिलाफ छह मुकाबले खेलेगी।

भारत दो-दो मैच ऑस्ट्रिया और बेल्जियम के खिलाफ खेलेगा, जबकि जर्मनी और नीदरलैंड्स के खिलाफ एक-एक मुकाबला होगा। टीम की कमान डिफेंडर अनमोल एक्का को सौंपी गई है। गोलकीपर के रूप में विवेक लकड़ा और कुणाल तिवातिया को शामिल किया गया है।

@TheHockeyIndia

भारतीय टीम में चार ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने एफआईएच जूनियर पुरुष विश्व कप तमिलनाडु 2025 में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाली टीम का हिस्सा थे। इनमें अनमोल एक्का, आद्रोहित एक्का, अजीत यादव और रोहित कुल्लू शामिल हैं।

मुख्य कोच फ्रेडरिक सोयेज़ ने कहा कि यह दौरा खिलाड़ियों के लिए तकनीकी, सामरिक और मानसिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने कहा, हम चाहते हैं कि इस दौरे से टीम के खेल में तालमेल, सामरिक अनुशासन और अहम मौकों पर बेहतर प्रदर्शन देखने को मिले। साथ ही खिलाड़ियों को शीर्ष स्तर की अंतरराष्ट्रीय हॉकी की चुनौतियों को समझने और लंबे समय तक लगातार अच्छा प्रदर्शन करने का अनुभव मिलेगा।

भारत का कार्यक्रम

  • 7 जुलाई – ऑस्ट्रिया
  • 8 जुलाई – ऑस्ट्रिया
  • 10 जुलाई – बेल्जियम
  • 13 जुलाई – जर्मनी
  • 14 जुलाई – बेल्जियम
  • 17 जुलाई – नीदरलैंड्स

भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम

  • गोलकीपर: विवेक लकड़ा, कुणाल तिवातिया
  • डिफेंडर: अनमोल एक्का (कप्तान), रोहित कुल्लू, चिराग, रविंदर, प्रशांत बारला, संजीत तिर्की, वी. मणिमारन
  • मिडफील्डर: आद्रोहित एक्का, हरपाल, जीतपाल, मुकेश टोप्पो, मन्नू मलिक, रितिक लकड़ा
  • फॉरवर्ड: अजीत यादव, प्रभदीप सिंह, अर्जुन हरगुडे, आर्यन जेस, लवनूर सिंह, मोहम्मद कोनैन दाद, गुरुसेवक सिंह

Related Articles

Back to top button